Headlines

फिरोजाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लॉटरी का लालच देकर ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार


फिरोजाबाद जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उत्तर पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुपों में क्यूआर (QR) कोड भेजकर और लॉटरी का लालच देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से भारी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य और गैजेट्स बरामद किए गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेश गुनावत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी (CO) साइबर अपराध चंचल त्यागी के कुशल नेतृत्व में यह संयुक्त कार्रवाई अमल में लाई गई. पुलिस टीम ने जैन नगर निवासी आशु पाठक को गिरफ्तार किया है.

UP News: योगी सरकार ने पेश की मिसाल, राजस्व प्रशासन के तीन अहम पदों पर महिला अधिकारियों की तैनाती

व्हाट्सएप ग्रुप और लॉटरी का झांसा देकर ठगी

पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया है कि अभियुक्त आशु पाठक पिछले दो वर्षों से इस अवैध धंधे में लिप्त था. वह अनजान व्हाट्सएप ग्रुपों में शामिल हो जाता था और वहां अपना, अपने भाई विशाल पाठक तथा अपनी एक महिला मित्र का QR कोड भेजता था.

इसके अलावा, वह उन्हीं ग्रुपों से लोगों के मोबाइल नंबर निकालकर उन्हें व्हाट्सएप कॉल करता था और लॉटरी लगने का झांसा देकर मोटी रकम अपने व अपने करीबियों के खातों में ट्रांसफर करवा लेता था. जांच में पता चला है कि इन खातों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग भी की जा रही थी.

NCRP पोर्टल पर दर्ज हैं 8 शिकायतें

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नेशनल साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर देश के विभिन्न राज्यों से कुल 8 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें लाखों रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है. पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 01 लैपटॉप, 03 मोबाइल फोन, 04 एटीएम कार्ड (विभिन्न बैंकों के), 03 बैंक पासबुक (विभिन्न बैंकों की), 01 मोटरसाइकिल की आरसी (RC) पेपर बरामद किए हैं.

आरोपी को कोर्ट में किया गया पेश

इस मामले में थाना उत्तर पर मु०अ०सं० 292/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 66D आईटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है. पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.

यूपी में शिक्षा सुधार का नया अध्याय, योगी सरकार ने 33401 पदों पर की बंपर शिक्षक भर्ती



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *