Headlines

बांका की बेटी का सॉफ्टबॉल कप के लिए चयन, अंतरराष्ट्रीय उड़ान भरेंगी रूपा


बिहार के ​बांका की बेटी रूपा कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय उड़ान भरने की तैयारी कर ली है. बाराहाट प्रखंड के भेड़ामोड़ निवासी विनोद कुमार यादव की बेटी रूपा का चयन ‘एशियन यूनिवर्सिटीज विमेंस सॉफ्टबॉल कप 2026’ के लिए भारतीय टीम में हुआ है. 

सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से जारी पत्र के अनुसार बिहार से इस राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने वाली रूपा एकमात्र खिलाड़ी हैं. रूपा की प्रारंभिक शिक्षा आदर्श मध्य विद्यालय बाराहाट से हुई, जबकि वर्तमान में वह ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) से संबद्ध वीमेंस कॉलेज समस्तीपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं.

12 से 17 अक्टूबर तक चीनी ताइपे के पुली में ‘एशियन यूनिवर्सिटीज विमेंस सॉफ्टबॉल कप 2026’ का आयोजन होगा. एक आयोजन ‘आठवां अंडर-15 महिला सॉफ्टबॉल एशिया कप 2026’ चीन के वेई-हाई शहर में 12 से 18 अक्टूबर तक प्रस्तावित है. 

‘एशियन यूनिवर्सिटीज विमेंस सॉफ्टबॉल कप’ की तैयारियों के मद्देनजर चयनित भारतीय टीम का विशेष कोचिंग कैंप महाराष्ट्र के कोपरगांव (शिर्डी) स्थित संजीवनी यूनिवर्सिटी व संजीवनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में 8 से 13 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है. इसमें भाग लेने के लिए रूपा 7 सितंबर को रिपोर्ट करेंगी.

यह भी पढ़ें- दिल्ली-पंजाब से बिहार आने वाले ध्यान दें! त्योहार पर चलेंगी 150 बसें

रूपा को मिल रही बधाई

रूपा के भारतीय टीम में शामिल होने पर बिहार सॉफ्टबॉल एसोसिएशन की सचिव प्राची शर्मा ने बधाई दी है. उन्होंने कहा कि यह राज्य में सॉफ्टबॉल के बढ़ते कद का प्रमाण है. वहीं बिहार सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी डॉ. वीके शर्मा ने इसे युवा प्रतिभाओं के लिए बड़ा प्रेरणास्रोत बताया.

रूपा ने अपने इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता, कोच, शिक्षकों, कॉलेज प्रशासन के अलावे बिहार सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतम कोनाडिया, सचिव प्राची शर्मा, मुजफ्फरपुर सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय केजरीवाल, जयप्रकाश दुबे सहित अन्य सदस्यों को दिया है.

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पटल पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश के तिरंगे का मान बढ़ाना ही उनका एकमात्र लक्ष्य है. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से खेल संघों और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है.

यह भी पढ़ें- पटना वालों सावधान! डेंगू से युवक की मौत, अगस्त में मिले 167 मरीज



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *