बिहार के गया में इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर एक युवक को मिलने के बहाने बुलाने और फिर उसे बंधक बनाकर 27 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है. पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद कर महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला नौकरी दिलाने के नाम पर दिए गए 27 लाख रुपये के विवाद से जुड़ा है.
अपहृत युवक की पहचान बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र निवासी सावन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, शिवानी कुमारी ने इंस्टाग्राम के जरिए सावन से दोस्ती की थी. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी. शिवानी ने सावन को मिलने के लिए गया के चंदौती मोड़ के पास बुलाया. आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसे कब्जे में लेकर बंधक बना लिया गया.
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी के एनकाउंटर का ऑर्डर सम्राट ने दिया था? बोले- ‘मेरा सिर्फ…’
परिजनों से मांगी 27 लाख की फिरौती
युवक के परिजनों को फोन कर 27 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की बात सामने आई. बताया जा रहा है कि नौकरी दिलाने के नाम पर 27 लाख रुपये लिए गए थे. इसी रकम को लेकर विवाद के बाद अपहरण की साजिश रची गई. हालांकि पुलिस इस पूरे विवाद और रकम के लेन-देन की जांच कर रही है.
मां ने पुलिस को दी बेटे के लापता होने की सूचना
सावन की मां शोभा देवी ने रामपुर थाना पुलिस को सूचना दी थी कि उनका बेटा घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. फोन पर संपर्क होने पर सावन ने खुद को सिकड़िया मोड़ के पास बताया था. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. कुछ समय बाद परिजनों को फोन आया कि सावन को बंधक बना लिया गया है.
छापेमारी कर युवक को सकुशल कराया बरामद
गया एसएसपी सुशील कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की. पुलिस टीम ने मंगलवार (8 सितंबर 2026) को कुजापी सब्जी मंडी के पास छापेमारी कर सावन कुमार को सकुशल बरामद कर शिवानी कुमारी को गिरफ्तार किया.
उसकी निशानदेही पर जेल रोड से विकास कुमार और पवन कुमार को भी पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, शिवानी, विकास कुमार की पत्नी है, जबकि पवन कुमार गया के डेल्हा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और 27 लाख रुपये के विवाद की जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर की नेहा के बाद पटना में रिया गिरफ्तार, UP से ला रही थी शराब
