Headlines

बाराबंकी:आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक और धक्का-मुक्की


उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (आसपा) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में डीएम कार्यालय परिसर पहुंचे. प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई.देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. 

बताया गया कि यह प्रदर्शन गोंडा और अयोध्या में हुई हत्याओं के मामलों तथा हाल ही में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले से जुड़े विवाद के विरोध में किया गया था. प्रदर्शनकारी इन मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे. डीएम कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें निर्धारित स्थान पर रोकने का प्रयास किया. 

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर: कीचड़ में फंसी BJP विधायक की गाड़ी, एक घंटे बाद ट्रैक्टर से निकली

पुलिस ने बल प्रयोग किया 

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पीछे हटने से इनकार किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. हंगामे के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय के कक्ष के बाहर तक पहुंच गए. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें परिसर से बाहर की ओर किया. 

इस दौरान काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी और नारेबाजी का माहौल बना रहा. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल भी तैनात किया. हंगामा शांत होने के बाद भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा. ज्ञापन में गोंडा और अयोध्या में हुई हत्याओं के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई. 

पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग 

इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने चंद्रशेखर आजाद के काफिले को कथित रूप से रोकने और उनकी सुरक्षा में लापरवाही बरतने के मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संबंधित मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. ज्ञापन सौंपने के बाद प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए.

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी. फिलहाल, प्रदर्शन के दौरान हुई नोकझोंक और धक्का-मुक्की को लेकर प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है.

यह भी पढ़ें: आजमगढ़ और बस्ती के लिए बीजेपी बना रही खास प्लान, आज गोरखपुर में बड़ी बैठक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *