बिहार विधान परिषद में निजी सहायक और स्टेनोग्राफर के सात पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे हैं. अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों को दोबारा आशुलिपिक दक्षता यानी शॉर्टहैंड की परीक्षा देनी पड़ रही है. परिषद की ओर से सभी चयनित अभ्यर्थियों को इस परीक्षा में शामिल होने का निर्देश दिया गया है. परीक्षा आज बुधवार (4 नवंबर) सुबह 11:30 बजे विधान परिषद के विस्तारित भवन में आयोजित हुई. पूरी प्रक्रिया CCTV कैमरों की निगरानी में कराई गई.
विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत निजी सहायक और स्टेनोग्राफर के कुल सात पदों पर भर्ती निकाली गई थी. इसके लिए परीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम भी घोषित कर दिया गया था. लेकिन रिजल्ट आने के बाद सफल अभ्यर्थियों की आशुलिपिक दक्षता को लेकर सवाल उठने लगे. इसके बाद विधान परिषद की ओर से सभी सफल उम्मीदवारों की दक्षता की दोबारा जांच कराने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें- BPSC TRE-4 में रिकॉर्ड टूटा, शिक्षकों के 33,320 पदों के लिए 10 लाख आवेदन
आज सुबह 11:30 बजे से हुई शॉर्टहैंड परीक्षा
दोबारा होने वाली आशुलिपिक दक्षता परीक्षा आज सुबह 11:30 बजे विधान परिषद के विस्तारित भवन में आयोजित की गई. इसमें सभी सफल अभ्यर्थियों को शामिल होना अनिवार्य था. परिषद की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया जा सकता है. इसलिए सभी चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना था.
CCTV कैमरे और मजिस्ट्रेट की निगरानी
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. पूरी परीक्षा CCTV कैमरों की निगरानी में हुई. इसके अलावा निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई थी. परीक्षा की प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया था.
गड़बड़ी की आशंका पर उठे सवाल
दरअसल, अंतिम परिणाम आने के बाद कुछ उम्मीदवारों की शॉर्टहैंड दक्षता पर सवाल उठे थे. इसी वजह से दोबारा जांच कराने का फैसला लिया गया. हालांकि, इस आदेश के पीछे गड़बड़ी की आशंका को लेकर कोई स्पष्ट आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है. ऐसे में भर्ती प्रक्रिया और दोबारा परीक्षा कराने के फैसले को लेकर अभ्यर्थियों के बीच चर्चा है. अब सभी की नजर आज के नतीजों पर है.
यह भी पढ़ें- असम सरकार के बहुविवाह वाले फैसले पर JDU बोली- ‘दशरथ ने 3 शादियां की थीं’
