बीकानेर में कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत पर पार्टी के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं.
बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को स्वागत के बहाने बाहर बुलाया था. इसके बाद अचानक उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और थप्पड़-मुक्के मारने लगे. इस दौरान मौके पर काफी हंगामा हो गया.
यशपाल गहलोत ने क्या कहा?
कांग्रेस जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने बताया, ”आज करीब 12.25 बजे के आसपास कार्यालय का उद्घाटन था. वो मेरे पीछे ही खड़ा था. पार्टी के पक्ष में जिंदाबाद के नारे भी लगाए. इसके बाद मैं अंदर चला गया. अंदर जाने के बाद मैंने उसे मुंह मीठा कराया, उसने मुझे भी मुंह मीठा कराया. सारा कुछ खुशनूमा माहौल में चल रहा था. जब मैं बाहर निकलने लगा तो उसने कहा कि अंकल मुझे आपसे एक मिनट बात करनी है. वहीं पर खड़ा होकर मैं उससे बात करने लगा. इसी दौरान 5-7 आए और हमला किया. मैं अपनी बात पार्टी के सामने रखूंगा.”
हमला करने वाले कार्यकर्ता टिकट को लेकर नाराज!
बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है. हमला करने वाले कार्यकर्ता टिकट नहीं मिलने से नाराज बताए जा रहे हैं. उनका आरोप है कि चुनाव में टिकट वितरण को लेकर उनकी अनदेखी की गई और योग्य कार्यकर्ताओं को मौका नहीं दिया गया. इसी नाराजगी को लेकर उन्होंने जिलाध्यक्ष से सवाल-जवाब किए और विवाद बढ़ गया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की नाराजगी एक बार फिर सामने आ गई है. मामले को लेकर पार्टी स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है. पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष पर हुए इस हमले की निंदा की है.
राजस्थान HC में वकीलों का विरोध जारी, नए CJI की सिफारिश पर बांटे लड्डू
