ब्रिक्स समिट 2026 का आयोजन नई दिल्ली में होने वाला है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इसके लिए जल्द दिल्ली पहुंच सकते हैं. पुतिन के दौरे से ठीक पहले एक अहम जानकारी सामने आई है. दावा किया जा रहा है कि भारत और रूस के बीच 105 रीजनल जेट्स का समझौता हुआ है. इसके तहत रूस, भारत को 105 जेट्स देगा. अहम बात यह भी है कि ब्रिक्स समिट से पहले भारत-रूस के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होगी.
‘स्पूतनिक इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस भारत को 105 ऐसे Il-114-300 रीजनल जेट देगा जिन पर दुनिया के किसी प्रतिबंध का कोई असर नहीं होगा. यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन (UAC) ने भारत में आयोजित ‘इनोप्रोम’ प्रदर्शनी में भारतीय एयरलाइंस के साथ Il-114-300 विमानों की सप्लाई के लिए समझौते किए हैं.
इन विमानों को इस तरह बनाया गया है कि इन पर पश्चिमी देशों (जैसे अमेरिका या यूरोपीय संघ) का रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों का असर नहीं होगा. इनमें इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स और तकनीक पूरी तरह रूस की है.
किन कंपनियों को मिल सकते हैं रूसी विमान
रूस के तरफ से मिलने प्लेन पिनाकल एयर, एयर केरला और स्लीक एविएशन को मिल सकते हैं. पिनाकल को 50 विमान मिलने की जानकारी सामने आई है. जबकि एयर केरला को 20 विमान और स्लीक एविएशन को 35 विमान मिल सकते हैं. ये तीनों कंपनियां भारतीय हैं.
पुतिन-पीएम मोदी के बीच हो सकती है मीटिंग
पीएम मोदी और पुतिन के बीच ब्रिक्स समिट शुरू होने से ठीक पहले द्विपक्षीय मीटिंग हो सकती है. इस दौरान भारत-रूस के बीच कई समझौते होने की संभावना है. अहम बात यह भी है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी भारत आ सकते हैं. वे ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंच सकते हैं. हालांकि इसको लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें : ईरान ने जॉर्डन में मचाया कोहराम! US के 8 लड़ाकू विमान तबाह करने का दावा
