मणिपुर के इम्फाल वेस्ट जिले में संदिग्ध फूड पॉइजनिंगन की वजह से सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 84 जवानों और 3 नागरिकों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राज्य से बाहर से आए ये जवान लामशांग इलाके में स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट पर ठहरे हुए थे. गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे नाश्ते में पूरी और आलू की सब्जी खाने के बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं. दोपहर लगभग 1 बजे उन्हें आनन-फानन में रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी ने कहा, ‘बीएसएफ के जवानों को आपातकालीन विभाग में तत्काल उपचार दिया गया और अब उनकी हालत स्थिर है. संदिग्ध तौर पर फूड पॉइजनिंगन के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी.’ RIMS के कार्यवाहक मेडिकल सुपरिनटेंडेंट एम. रामेश्वर ने बताया कि जवानों को तुरंत आपातकालीन इलाज दिया गया है और अब उनकी हालत स्थिर है. किसी भी जवान की स्थिति गंभीर नहीं है और फूड पॉइजनिंग की मुख्य वजह जानने के लिए सैंपल की जांच की जा रही है.
इस बीच, मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने अस्पताल में भर्ती जवानों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई. सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमारे सुरक्षा कर्मियों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है. मैं सभी प्रभावित जवानों के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं. संबंधित अधिकारियों से आग्रह है कि उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए.’
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर के गृह मंत्री गोविंददास कोंथोजम ने RIMS अस्पताल पहुंचकर बीमार जवानों का हाल-चाल जाना और उनके इलाज की स्थिति का जायजा लिया. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में BSF के महानिदेशक (DG) प्रवीण कुमार ने 12 और 13 अक्टूबर के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान राज्य की सुरक्षा स्थिति, जवानों की तैनाती और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की थी. उन्होंने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में BSF की प्रतिबद्धता जताई थी.
