Headlines

महाराष्ट्र के सोलापुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, टेकऑफ के दौरान फिसला विमान, पायलट सुरक्षित


महाराष्ट्र के सोलापुर हवाई अड्डे पर गुरुवार (12 नवंबर, 2026) को एक ट्रेनी विमान उड़ान भरने की कोशिश में रनवे से फिसलकर बाहर चला गया. हालांकि, विमान में सवार ट्रेनी महिला पायलट को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वह हादसे में बाल-बाल बच गई. ऐसे में सोलापुर हवाई अड्डे पर एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गया.

अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेनी महिला पायलट विमान का संचालन कर रही थीं. फ्लाइंग ट्रेनिंग के तहत विमान को टेकऑफ कराने की कोशिश के दौरान जैसे ही ट्रेनी पायलट ने विमान की रफ्तार बढ़ाई, उसी वक्त विमान पेव्ड रनवे के किनारे से फिसलकर बाहर चला गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला पायलट पूरी तरह से सुरक्षित है और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. हालांकि, हादसे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. विमान में तकनीकी खराबी आई थी, पायलट का कंट्रोल खो गया था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसका पता आधिकारिक जांच के बाद ही चल सकेगा.

घटना को लेकर अधिकारियों ने क्या कहा?

न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के मुताबिक, घटनास्थल की तस्वीरों में रनवे से फिसलने के बाद विमान का अगला हिस्सा नीचे की तरफ झुका हुआ नजर आ रहा है. अधिकारियों ने कहा कि एक फ्लाइंग क्लब की तरफ से संचालित यह ट्रेनी विमान गुरुवार (12 नवंबर) को दोपहर करीब 2:30 बजे टेकऑफ करने की कोशिश के दौरान रनवे की पक्की सतह से फिसलकर बाहर निकल गया था. 

इस हादसे के तुरंत बाद सोलापुर हवाई अड्डा प्रशासन ने इमरजेंसी सर्विस को सक्रिय कर दिया गया. दमकल विभाग, एक एंबुलेंस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. वहीं, इस घटना के बाद विमान को कितना नुकसान पहुंचा है और हादसे के कारण हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित हुआ है या नहीं, इस बारे में अधिकारियों की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान या जानकारी जारी नहीं की गई है.

एविएशन सेफ्टी की तरफ ध्यान खींचती है यह घटना

महाराष्ट्र के पश्चिमी हिस्से में स्थित सोलापुर हवाई अड्डा राज्य के एक महत्वपूर्ण एयरपोर्ट है. जिसका संचालन एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) करता है. हवाई अड्डे पर हुई यह घटना एविएशन सेफ्टी को लेकर एक बार फिर से ध्यान खींचती है. खासकर टेकऑफ और लैंडिंग जैसे संवेदनशील फेजों के दौरान फ्लाइट ट्रेनिंग और एयरक्राफ्ट हैंडलिंग से जुड़े जोखिमों को लेकर.  

यह भी पढ़ेंः Air India फ्लाइट के टॉयलेट में हाईजैक नोट लिखने वाला यात्री गिरफ्तार, एयरपोर्ट पर मचा था हड़कंप



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *