Maharashtra Murder Mystery: महाराष्ट्र के सोलापुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपने छोटे बेटे के लिए डायपर लाने घर से निकले एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सुफियान गुलाम रसूल शेख के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 24 साल है जो फेब्रिकेशन का काम करता था.
बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक छोटा बेटा भी है. शुक्रवार (22 मई) की शाम सुफियान घर से बेटे के लिए डायपर खरीदने की बात कहकर निकला था, लेकिन काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा.
खून से लथपथ हालत में मिला शव
इसी दौरान विजापुर रोड स्थित पनाश अपार्टमेंट के एक सुरक्षा गार्ड ने गश्त करते वक्त एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. युवक के शरीर से काफी खून बह रहा था. गार्ड ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.
Maharashtra: महाराष्ट्र के जंगल में मौत का तांडव! बाघ ने एक साथ 4 महिलाओं को बनाया अपना शिकार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. इसी बीच सुफियान के घरवालों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, जिसे पुलिस ने उठाया. फोन उठते ही परिवार वालों ने पूछा, “इतनी देर हो गई, कहां हो तुम?” तब पुलिस ने उन्हें हादसे की खबर दी.
हादसा, हत्या या आत्महत्या?
पुलिस के मुताबिक, सुफियान के हाथ-पैर मुड़े और टूटे हुए थे, जबकि सिर पर गंभीर चोट के कारण काफी खून बह चुका था. शुरुआती जांच में बताया जा रहा कि घर से निकलने के महज 15 से 20 मिनट के भीतर उसकी मौत हो गई थी.
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सुफियान विजापुर रोड इलाके में क्यों गया था और उसकी मौत के पीछे असली वजह क्या है. फिलहाल हादसा, आत्महत्या और हत्या तीनों एंगल से जांच जारी है.
