मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में 30 सितंबर को कोर्ट का संभावित फैसला आने से पहले जेल में बंद मुख्य आरोपी मुस्कान और साहिल के व्यवहार में बदलाव देखने को मिला है. मुस्कान ने पूजा-पाठ करना शुरू कर दिया है. वह सुबह उठते ही पूजा में लग जाती है और दिनभर धार्मिक गतिविधियों में समय बिताती है.
वहीं, दूसरे आरोपी साहिल ने जेल में बंद अन्य कैदियों से बातचीत करना बंद कर दिया है. वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि सौरभ राजपूत की हत्या के बाद जब मुस्कान और साहिल जेल पहुंचे थे, तब दोनों नशे के आदी थे और झगड़ालू स्वभाव के थे.
हालांकि, समय बीतने के साथ दोनों की नशे की आदत छूट गई और उनके व्यवहार में भी बदलाव आया. दोनों धार्मिक गतिविधियों में रुचि लेने लगे, लेकिन इसका सबसे ज्यादा असर मुस्कान पर देखने को मिला.
रामायण का हर दिन पाठ करती है मुस्कान
मुस्कान ने पूजा-पाठ शुरू कर दिया है. वह मेरठ के सांसद अरुण गोविल की ओर से दी गई रामायण का भी प्रतिदिन पाठ करती है. कोर्ट के फैसले का समय नजदीक आने के साथ मुस्कान की धार्मिक गतिविधियां और बढ़ गई हैं. अब उसने शिव की पूजा भी शुरू कर दी है.
वहीं, साहिल ने जेल में अपने साथ बंद अन्य कैदियों से बातचीत करना भी बंद कर दिया है. जेल अधीक्षक के मुताबिक कोर्ट का फैसला आने के बाद सजा और अन्य परिस्थितियों के आधार पर यह तय किया जाएगा कि सौरभ हत्याकांड के आरोपी मुस्कान और साहिल को इसी जेल में रखा जाएगा या किसी अन्य जिले की जेल में स्थानांतरित किया जाएगा. फिलहाल, सभी की निगाहें 30 सितंबर को आने वाले कोर्ट के संभावित फैसले पर टिकी हैं.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मेरठ में मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की रात को हत्या कर दी थी. इसके बाद शव को एक ड्रम में डालकर सीमेंट घोलकर उसे भर दिया गया था.
अमेठी: स्कूल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे DM, छात्राओं के साथ किया भोजन
