जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो जनता न्याय के लिए कहां जाए? उत्तर प्रदेश के मेरठ (Meerut News) से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने खाकी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस कस्टडी में किसान नेताओं को कथित तौर पर ‘थर्ड डिग्री’ (Third Degree in Police Custody) देने के मामले में पुलिस विभाग ने अब बड़ा एक्शन लिया है. नवागत एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति (SSP BBGTS Murthi) ने कड़ा रुख अपनाते हुए इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है. इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.
यह पूरा बवाल किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ हुई बर्बरता से जुड़ा है. आरोप है कि दोनों किसान नेताओं को एसपी ऑफिस (SP Office) में ले जाकर थर्ड डिग्री दी गई और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई. मामले ने जैसे ही तूल पकड़ा, महकमे में आनन-फानन में कार्रवाई शुरू हुई. गौरतलब है कि इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ के निलंबन से ठीक एक दिन पहले ही उन्हें और सात अन्य पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था, लेकिन पुलिस की इस बर्बरता के खिलाफ लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ.
वन नेशन वन इलेक्शन पर स्वामी रामदेव बोले- ‘शिक्षा और विकास को मिलेगी रफ्तार’
तत्कालीन SP अविनाश पांडेय पर भी गिरी गाज
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस घटना के बाद तत्कालीन एसपी अविनाश पांडेय (SP Avinash Pandey) का भी तबादला कर दिया गया है. उन्हें हटाकर सीधे डीजीपी कार्यालय लखनऊ (DGP HQ Lucknow) से संबद्ध कर दिया गया है. फिलहाल, इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले की निष्पक्ष जांच का जिम्मा डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह (DIG Abhishek Singh) को सौंपा गया है.
विपक्ष के हंगामे के बाद पुलिस बैकफुट पर
किसान नेताओं पर हुए इस अत्याचार को लेकर विपक्ष भी पूरी तरह से हमलावर है. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) लगातार सड़कों पर उतरकर इसका विरोध कर रही है. सपा विधायक अतुल प्रधान (Atul Pradhan) ने भी दो दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खाकी की इस गुंडागर्दी को प्रमुखता से उठाया था. राजनीतिक बयानबाजी और लगातार बढ़ते जन आक्रोश के बीच इंस्पेक्टर के निलंबन को एक अहम कदम माना जा रहा है. हालांकि, जांच पूरी होने के बाद इस मामले में अभी और भी कई बड़ी ‘मछलियों’ पर गाज गिरने की पूरी संभावना है.
यूपी चुनाव में AAP-सपा का होगा गठबंधन? संजय सिंह ने की अखिलेश यादव से मुलाकात
