रितेश देशमुख के निर्देशन में बनी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ साल 2026 की मच अवेटेड फिल्मों में से एक है. रितेश, जेनेलिया देशमुख, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, भाग्यश्री और फरदीन खान स्टारर यह छत्रपति शिवाजी महाराज की लाइफ पर बेस्ड है. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में सलमान खान भी एक स्पेशल कैमियो में नजर आएंगे. वहीं हाल ही में एक बातचीत में, रितेश ने खुलासा किया कि उन्होंने शुरुआत में सलमान से कैमियो के लिए कॉन्टेक्ट नहीं किया था. उन्होंने बताया कि सुपरस्टार आखिरकार फिल्म से कैसे जुड़े?
‘राजा शिवाजी’ में कैसे हुई सलमान खान की एंट्री
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, रितेश देशमुख ने खुलासा किया कि उन्होंने फिल्म के लिए सलमान खान से कॉन्टेक्ट नहीं किया था. उन्होंने बताया कि वे और सलमान खान नए साल पर साथ थे. इस दौरान सुपरस्टार ने उनसे शूटिंग के बारे में पूछा. रितेश ने कहा, “उन्होंने पूछा कि मैं फिल्म की शूटिंग कब शुरू कर रहा हूं. मैंने कहा, ‘यह इसी महीने शुरू हो रही है.’ उन्होंने कहा, ‘मैं कौन सी भूमिका निभा रहा हूं?”
जब रितेश ने बताया कि उन्होंने फिल्म के लिए सलमान के बारे में नहीं सोचा था, तो सुपरस्टार ने जवाब दिया, “नहीं, नहीं, नहीं… मेरे बिना फिल्म बन ही नहीं सकती, मुझे इसमें होना ही होगा. वो अपनापन और अपनापन का एहसास… वो भावना… मुझे लग रहा था कि मैंने इस बारे में ठीक से सोचा ही नहीं था.”
रितेश की ‘लाई भारी’ और ‘वेद’ में भी सलमान ने किया कैमियो
इसी बातचीत के दौरान, रितेश ने याद किया कि सलमान खान ने ‘वेद’ और ‘लाई भारी’ में भी स्पेशल कैमियो किया था. उन्होंने आगे कहा, “जब मैंने लाई भारी की थी, तब सलमान खान उसमें थे. उस समय उन्होंने मुझसे कहा, ‘मैं एक सीन करना चाहता हूं.’ जब मैं वेद पर काम कर रहा था, तब मैंने उन्हें फोन किया और कहा, ‘भाई, मैं आपसे मिलना चाहता हूं.’ उन्होंने कहा, ‘ठीक है!’ मैंने पूछा, ‘कब?’ उन्होंने कहा, ‘किस रोल के लिए? मिलना चाहते हो—ठीक है.’ उन्होंने बस पूछा, ‘शूटिंग कितने दिन की है?’ मैंने कहा, ‘दो दिन,’ और उन्होंने बस कहा, ‘ठीक है’.”
कब रिलीज होगी ‘राजा शिवाजी’?
वहीं ‘राजा शिवाजी’ का हाल ही में शानदार ट्रेलर रिलीज हुआ था. यूं तो ट्रेलर को मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला है लेकिन फिल्म के लिए फैंस में काफी क्रेज देखा जा रहा है. लोग इस ऐतिहासिक गाथा को बड़े पर्दे पर देखने के लिए एक्साइटेड हैं. रितेश और जेनेलिया के बेटे राहिल ने भी इस फिल्म से एक्टिंग में डेब्यू किया है. बता दें कि ‘राजा शिवाजी’ एक मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.
ये भी पढ़ें:-क्या रणवीर सिंह ने छोड़ दी है जय मेहता की जॉम्बी फिल्म ‘प्रलय’? जानें रूमर्स का सच
