Headlines

युवाओं पर लाठी-पैलेट गन चलाने के लिए…, खरगे का PM मोदी पर हमला


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार (3 अगस्त 2026) को चंदा चोरा और पैलेट गन चलाने के मुद्दे को लेकर केंद्र पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘हम प्रधानमंत्री को और केंद्रीय गृह मंत्री को सदन में आकर अपने विचार रखने के लिए कह रहे हैं. वे क्या चाहते हैं, चंदा-चोरी के मामले में उनकी राय क्या है? विद्यार्थियों को पीटा गया, उनके ऊपर पैलेट गन्स चलाई गई, ऐसा क्यों हुआ? इसके लिए उन्हें जिम्मेदारी लेते हुए अपना बयान तो देना चाहिए.’

पीएम और गृह मंत्री सदन को कुछ नहीं समझते: खरगे

उन्होंने कहा, ‘वे सदन के अंदर आने के लिए भी तैयार नहीं है. ये सदन का तो अपमान है ही, हम जिन लोगों को चुनकर लाए हैं उनका भी अपमान है. लोकतंत्र का अपमान है. लोकतंत्र में बहस होती है. हम लोग कोई बहस छेड़ते हैं तो आपका दायित्व है कि उस पर जवाब दें. अगर मेरा तर्क सही नहीं है तो आप उसे नकार दें या उसे गलत बताएं, लेकिन वे अंदर कदम ही नहीं रखते या तो वे सदन से डर रहे हैं, सांसदों से डर रहे हैं या फिर वे सदन को कुछ नहीं समझते.’

उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री रात के 12 बजे उठकर इंस्टाग्राम पर आकर अपनी बातें रखते हैं तो वे वही बातें सदन में रख सकते हैं. माफी तो आपको मांगनी चाहिए क्योंकि आपने पैलेट गन्स चलाए, टीयर गैस चलाई, लाठी चलाई, कील लगाकर लाठियां मारी, आपको छात्रों से माफी मांगनी चाहिए. उसके बजाय आप कह रहे हैं कि जाओ मैंने आपको माफ कर दिया. आप कौन होते हैं उन्हें माफ करने वाले? विषय को भुलाने के लिए आप यदि ऐसा बोलते रहेंगे तो ये ठीक नहीं है. उनका सदन में नहीं आना जनता का अपमान है.’

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ‘जिन करोड़ों लोगों ने मतदान किया है वे चाहते हैं कि जो भी चल रहा है उस पर सदन में सरकार जवाब दे, लेकिन ये लोग उत्तर देने के लिए तैयार नहीं हैं. हम लोग जो प्रदर्शन कर रहे हैं वो जनता की इच्छा के अनुसार कर रहे हैं. ये बातें हमारे लोकतंत्र के लिए खतरा है और ये लोग लोकतंत्र के अनुसार चलना नहीं चलना चाहते हैं.’

RSS पर भड़के खरगे

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने RSS पर कहा, ‘जो प्रदर्शन कर रहे हैं आप उन्हें ‘एंटी नेशनल’ बोलते हैं और जिस समय कांग्रेस की सरकार के खिलाफ आपने लोगों को पैसे दे-देकर, बुलाकर, प्रदर्शन करके, एक अच्छी सरकार को गिराने का प्रयास किया, वो कौन सा प्रदर्शन था? ये प्रदर्शन एंटी नेशनल नहीं था, ये सभी विद्यार्थी थे जो देश के कई गांवों से आए थे. भगवान राम आरएसएस को सद्बुद्धि दें. ये लोग हमेशा राजनीति करते हैं. वे बच्चे पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे थे और आप उन्हें देशद्रोही मान रहे हैं? देशद्रोही तो आप लोग हैं क्योंकि आप इस लोकतंत्र को कुचल रहे हैं.’

सदन के अंदर आएं गृह मंत्री: गौरव गोगोई

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, ‘विपक्ष की मांग बहुत स्पष्ट है. चाहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ छात्रों को माफ किया, लेकिन देश के युवाओं ने अब तक केंद्रीय गृह मंत्री को माफ नहीं किया है. इसलिए कांग्रेस की ये स्पष्ट मांग है कि केंद्रीय गृह मंत्री सदन के अंदर आएं और आज तक जो बदले की भावना के साथ जो बीजेपी शासित राज्य और उनकी एजेंसियां प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई चला रही हैं, उस पर वे अपना बयान दें.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *