रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ की. उन्होंने गुरुवार को चीन के शेनझेन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी राष्ट्रपति को लेकर कहा कि वो यूक्रेन समेत दुनिया के विभिन्न संघर्षों को खत्म करने के लिए वास्तव में प्रतिबद्ध हैं.
डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय वार्ता के बाद पुतिन ने कहा कि ट्रंप रूस और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों को भी बेहतर बनाने में दिलचस्पी रखते हैं. उन्होंने कहा कि रूस अमेरिका की ओर से प्रस्तावित कुछ समझौतों और रियायतों को पहले ही स्वीकार कर चुका है, जिनमें अलास्का के एंकोरेज में हुई बातचीत भी शामिल है.
रूस-यूक्रेन युद्ध पर क्या बोले पुतिन
रूस-यूक्रेन युद्ध पर पुतिन ने आरोप लगाया कि कीव के पास संघर्ष रोकने और स्थायी शांति की शर्तें तय करने के लिए कोई प्रेरणा नहीं है. उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन संकट की शुरुआत कीव में तख्तापलट से हुई थी और यह मुद्दा उन्होंने ट्रंप के साथ बातचीत में भी उठाया. पुतिन ने उम्मीद जताई कि ट्रंप का रचनात्मक रुख आगे भी जारी रहेगा.
इस बीच पुतिन ने कहा कि उनका देश यूक्रेन और यूरोपीय सुरक्षा मुद्दों पर बातचीत जारी रखने के लिए तैयार है, लेकिन उसे यूरोप के रुख को बेहतर ढंग से समझने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि यूरोपीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना यूरोपीय सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करना बेमानी है. हालांकि उन्होंने बातचीत के लिए कोई ठोस समय-सीमा नहीं बताई.
पुतिन पहले भी कर चुके हैं ट्रंप की तारीफ
पुतिन इससे पहले भी ट्रंप की तारीफ कर चुके हैं. कुछ माह पहले भी उन्होंने संघर्ष के समाधान की दिशा में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की कोशिशों की तारीफ की थी. SPIEF में पुतिन ने सवाल उठाया था कि यूक्रेन अमेरिकी सैन्य सहायता पर निर्भर क्यों बना हुआ है, जबकि वह भविष्य के किसी भी शांति समझौते की गारंटी में अमेरिका की अधिक भूमिका का विरोध कर रहे हैं.
पुतिन ने कहा था कि ट्रंप ने कई बार जेलेंस्की को सबके सामने चुनौती दी थी और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की थी. उन्होंने कहा, ‘हमने देखा कि डोनाल्ड जेलेंस्की को निर्देश दे रहे थे और बातें समझा रहे थे. कुल मिलाकर मैं इस काम के लिए डोनाल्ड का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. यह काम ठीक है, लेकिन अभी और भी काम करने बाकी हैं और यह काम जारी रहना चाहिए.
ये भी पढ़ें
‘10,000 रोहिंग्याओं की हत्या, हमारे पास सबूत’, इंटरनेशनल कोर्ट ने और क्या-क्या कहा
