उत्तर प्रदेश में त्योहारों के मौसम में बिजली विभाग कोई भी अड़चन नहीं आने देगा. उपभोक्ताओं को रात देने के लिए 24 घंटे बिजली की सप्लाई की जाएगी. धनतेरस से लेकर छठ पूजा तक प्रदेश में बिजली कटौती नहीं होगी. शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है.
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने बुधवार को शक्तिभवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिजली व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने सभी डिस्कॉम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखें. किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक कटौती न की जाए. तकनीकी खराबी आने पर तत्काल मरम्मत कराकर बिजली सप्लाई बहाल की जाए.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ पोस्टर, बताया ‘ढोंगी-पाखंडी व्यापारी’
खराब ट्रांसफार्मर तुरंत बदले जाएंगे
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए मरम्मत टीमें तैयार रहें. ट्रॉली ट्रांसफार्मरों की जांच पहले ही करा ली जाए, ताकि किसी ट्रांसफार्मर के खराब होने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके. फीडर और ट्रांसफार्मर पर लोड की भी जांच करने को कहा गया है.
ढीले तार और झुके खंभे होंगे ठीक
त्योहारों से पहले बिजली लाइनों की पेट्रोलिंग कराई जाएगी. ढीले तार, झुके खंभे और घरों की छतों के पास से गुजर रही बिजली लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया है.
1912 पर कर सकेंगे शिकायत
बिजली से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. हेल्पलाइन नंबर 1912 पर आने वाली शिकायतों की लगातार निगरानी होगी. पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने स्कूलों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को भी निर्धारित समय में हटाने के निर्देश दिए हैं. इसमें लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गयी है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस का मेगा प्लान, 9 रैलियां करेंगे राहुल-प्रियंका
