उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चौरीचौरा की ऐतिहासिक धरती पर इस बार फिर सियासी संग्राम छिड़ने वाला है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित नेता अजय सिंह ‘टप्पू’ सपा प्रमुख अखिलेश यादव के हाथों सपा की सदस्यता लेकर साइकिल पर सवार होकर चुनावी बिगुल फूंकने वाले हैं. गोरखपुर के चौरीचौरा में 18 नवंबर को अखिलेश यादव एक भव्य कार्यक्रम में उन्हें सपा की सदयस्ता दिलाने के साथ ही प्रत्याशी घोषित करेंगे.
गोरखपुर के मोहद्दीपुर के रहने वाले अजय सिंह टप्पू अमर शहीद बंधू सिंह के वंशज हैं. उनके बड़े भाई स्वर्गीय विनय सिंह बिन्नू साल 2012 में भाजपा के टिकट पर चौरीचौरा से चुनाव लड़ चुके हैं. हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. इस चुनाव में पूर्व राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद बसपा के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत हासिल किए. साल 2016 में विनय सिंह ‘बिन्नू’ का आकस्मिक निधन हो गया. इसके बाद से ही उनके छोटे भाई अजय सिंह टप्पू अपनी सियासी जमीन तलाश रहे हैं.
भाजपा ने साल 2017 में संगीता यादव को प्रत्याशी घोषित किया. चौरीचौरा की धरती से जीतकर वे विधायक बनीं. इसके बाद भाजपा ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के पुत्र इंजीनियर सरवन निषाद को प्रत्याशी बनाया.
CM धामी ने जौनपुर महोत्सव का किया शुभारंभ, 52.55 करोड़ की योजनाओं की सौगात
BJP ने अजय सिंह टप्पू को 6 साल के लिए किया निष्कासित
इस चुनाव में अजय सिंह ‘टप्पू’ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. भाजपा से बगावत की वजह से उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया. इस चुनाव में जीत हासिल कर सरवन निषाद विधायक बन गए. इस बार साल 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा से सरवन निषाद का टिकट पक्का माना जा रहा है.
बागी बढ़ा रहे बीजेपी की मुश्किलें
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के पहले गोरखपुर की अलग-अलग विधानसभाओं में लगातार भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर नाखुश नेताओं के बागी होने का सिलसिला जारी है. इसी साल भाजपा की महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अस्मिता चंद ने हाथी पर सवार होकर चिल्लूपार से बसपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लेकर भाजपा के सामने मुश्किल खड़ी कर दी है.
चिल्लूपार में भाजपा के विधायक और बसपा सरकार में पूर्व होमियोपैथ राज्यमंत्री रहे राजेश त्रिपाठी के लिए अस्मिता चंद के बागी होने की वजह से मुश्किल खड़ी हो गई है. क्योंकि चिल्लूपार में मुकाबला पूरी तरह से त्रिकोणीय हो गया है. बसपा से पूर्व विधायक और वर्तमान में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता विनय शंकर तिवारी भी दमखम के साथ इस बार चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में हैं.
भाजपा नेताओं के बागी होने का सिलसिला यहीं पर नहीं थमा है. गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन चुनाव 2026 में पिछले 6 सालों से तैयारी कर रहे हैं भाजपा नेता डॉ. संजयन त्रिपाठी का टिकट भी कट गया. उनकी जगह भाजपा ने ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी क्या बनाया वह पहले बागी होकर निर्दल पर्चा दाखिल के दिए.
भाजपा से निराश होकर बागी होने वाले डॉक्टर संजयन त्रिपाठी को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने हाथों हाथ लिया और घोषित प्रत्याशी को बैठक उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया. हालांकि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन चुनाव में डाक्टर संजयन त्रिपाठी को तीसरे स्थान पर रहते हुए हार का सामना करना पड़ा.
अखिलेश यादव के हाथों सपा का दामन थामेंगे अजय सिंह ‘टप्पू’
अब गोरखपुर की चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र में भी अमर शहीद बंधू सिंह के वंशज व साल 2022 में भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित नेता अजय सिंह ‘टप्पू’ दूसरी बार बागी होने की तैयारी में है. वे 18 नवंबर (बुधवार) को गोरखपुर की ऐतिहासिक क्रांतिवीरों की धरती चौरीचौरा में ही सपा मुखिया अखिलेश यादव के हाथों सदस्यता लेकर साइकिल पर सवार होकर चुनावी ताल ठोकेंगे. चौरीचौरा की धरती से वह भाजपा के खिलाफ सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में है. इसके लिए वे पहले से ही सियासी जमीन तैयार कर रहे हैं.
गोरखपुर के चौरीचौरा से निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के पुत्र और इंजीनियर सरवन निषाद भाजपा विधायक हैं. वहीं समाजवादी पार्टी के टिकट पर अजय सिंह ‘टप्पू’ के उतरने से मुकाबला रोचक हो जाएगा. क्योंकि अजय सिंह टप्पू और उनका परिवार गोरखनाथ मंदिर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफी करीबी माने जाते हैं.
जनसभाओं में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अमर शहीद बंधू सिंह का नाम भी लेते हैं. वहीं चौरीचौरा से मजबूत जनाधार रखने वाले बसपा से पूर्व विधायक रहे भाजपा से पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद के भी बागी होकर चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं. ऐसे में क्रांतिवीरों की ऐतिहासिक धरती चौरीचौरा में भी कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला और सियासी संग्राम छिड़ने की उम्मीद है.
अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे अखिलेश
अखिलेश यादव 18 नवंबर को गोरखपुर के चौरीचौरा पहुंचेंगे. इस दौरान वह चौरीचौरा क्षेत्र के देवकहिया गांव में महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके साथ ही स्व. विनय कुमार सिंह (बिन्नू) को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. अखिलेश यादव 18 नवंबर (बुधवार) को सुबह 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से निजी विमान से गोरखपुर के लिए रवाना होंगे. सुबह 11.45 बजे उनके गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है.
एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक कई स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा. यहां से दोपहर 12 बजे प्रस्थान कर वह 12.30 बजे चौरीचौरा थाना क्षेत्र के देवकहिया गांव पहुंचेंगे. यहां आयोजित कार्यक्रम में अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ स्व. विनय कुमार सिंह (बिन्नू) को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
इसी दौरान वे अजय सिंह ‘टप्पू’ को सपा की सदस्यता दिलाने के साथ ही उन्हें चौरीचौरा विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित करेंगे. दोपहर दो बजे वह देवकहिया गांव से गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और 2.30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद 2.45 बजे निजी विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे.
हरिद्वार में कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण, CM धामी बोले- ‘अर्थव्यवस्था होगी सशक्त’
