रांची में JPSC रिफॉर्म मंच और JMM कार्यकर्ताओं के बीच शुक्रवार (21 अगस्त) की शाम जबरदस्त झड़प हो गयी. राजधानी के ऐतिहासिक अल्बर्ट एक्का चौक पर JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भारी बवाल हो गया. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में अनियमितताओं और हालिया अदालती फैसलों को लेकर विरोध जता रहे छात्रों और सत्ताधारी JMM के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और मारपीट के कारण घंटों तक राजधानी रणभूमि में बदल गयी.
मारपीट में कई लोग जख्मी
रिफार्म मंच और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस मारपीट में कई लोग जख्मी हो गए हैं, वहीं मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है. जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के बैनर तले छात्र नेताओं ने झारखंड सरकार पर अभ्यर्थियों को धोखा देने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया है.
छात्रों ने रखा था पुतला दहन का कार्यक्रम
झारखंड में छात्रों के लगातार विरोध-प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा JPSC और JSSC की परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की गई थी, जिस पर झारखंड हाईकोर्ट ने स्टे लगा दिया. वहीं, मुख्यमंत्री सोरेन की ओर से हाईकोर्ट में कमजोर तथ्य और दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए आज छात्रों ने विरोध और पुतला दहन का कार्यक्रम रखा था.
लाठी-डंडे, हॉकी और बेसबॉल लेकर पहुंचे JMM कार्यकर्ता!
इसी के विरोध में रामगढ़ के सुभाष चौक पर झामुमो कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे के साथ लाठी-डंडे, हॉकी और बेसबॉल लेकर पहुंच गए और प्रदर्शनकारी छात्रों का इंतजार करते नजर आए. इस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं झामुमो जिला अध्यक्ष विनोद किस्कू ने कहा, ”मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला किसी भी हाल में नहीं जलने दिया जाएगा.”
उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि बीजेपी के इशारे पर छात्रों से प्रदर्शन कराया जा रहा है. जेएमएम नेता ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी रात यहां मौजूद रहेंगे और अगर कोई पुतला जलाने पहुंचता है तो उसका जोरदार विरोध किया जाएगा.
छात्र नेताओं का क्या है आरोप?
वहीं, छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस और सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें शांतिपूर्ण मार्च निकालने से रोकने की कोशिश की. छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा, ”वे हमें शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने से नहीं रोक सकते.” एक अन्य छात्र नेता पीयूष कुमार सिंह ने दावा किया कि मंच की कोर कमेटी के सदस्यों में से एक कुणाल को पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन वह बेहोश हो गए और बाद में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया.
हजारीबाग और गिरिडीह से भी झड़प
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि झड़प के दौरान जेएमएम कार्यकर्ताओं ने महिला प्रदर्शनकारियों के साथ भी मारपीट की. हजारीबाग और गिरिडीह से भी इसी तरह की झड़पों की सूचना मिली है, जहां झामुमो कार्यकर्ताओं और सोरेन का पुतला जलाने की कोशिश कर रहे छात्रों के बीच झड़पें हुईं. इस बीच, जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि वह 24 अगस्त से ‘भर्ती प्रणाली सुधार यात्रा’ शुरू करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार कई भर्ती परीक्षाओं को रद्द किए जाने से जुड़े मामलों का हाई कोर्ट में मजबूती से बचाव नहीं कर रही है.
झारखंड में फिर तेज होगा आंदोलन? देवेंद्र महतो ने बताया अगला कदम
Input By : PTI/विनीत कुमार
