बॉलीवुड एक्ट्रेस राखी सावंत किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहती हैं. वो अक्सर अपनी बेबाकी की वजह से सुर्खियों में आ जाती हैं. यही वजह है कि उन्हें इंडस्ट्री की ड्रामा क्वीन भी कहा जाता है. ऐसे में अब वो अपने 16 साल पुराने मामले को लेकर एक बार फिर से चर्चा में आ गई हैं. वो कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रही हैं.
दरअसल, झांसी की अदालत ने राखी सावंत के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, जिसके बाद राखी को कोर्ट में पेश होकर अपनी जमानत करानी होगी. ये मामला झांसी के उस युवक से जुड़ा है, जिसने कथित तौर पर 16 साल पहले राखी की बेइज्जती की वजह से सुसाइड कर लिया था.
कोर्ट में पेश नहीं हो रही थीं राखी सावंत
शख्स की मौत के बाद उसकी मां ने राखी सावंत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. समन भी जारी किया गया था लेकिन वो समन पर कोर्ट में पेश नहीं हो रही थीं. इसी मामले में अब अगली सुनवाई सीएडब्ल्यू (एफटीसी) केर्ट में 1 दिसंबर को होगी.
यह भी पढ़ें: ‘जेलर 2’ बनी 2026 की तीसरी हाईएस्ट ग्रॉसर तमिल फिल्म, तोड़ा टॉप 7 फिल्मों का रिकॉर्ड
सरकारी वकील मृदुल कांत श्रीवास्तव ने इस मामले को लेकर बताया कि लक्ष्मण अहिरवार प्रेमनगर के टोरिया मोहल्ले का रहने वाला था. वो ठेले पर सब्जी बेचता था. उसकी शादी 19 फरवरी, 2010 को राजगढ़ की रहने वाली अनीता से हुई थी. शादी के करीब 7 महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा था. इसके बाद अनीता मायके चली गई थी. अनीता ने आरोप लगाया था कि उसके पति के रिश्तेदार की नीयत ठीक नहीं थी. अनीता ने ये भी आरोप लगाया था कि लक्ष्मण उसके साथ शराब पीकर मारपीट करता था.
पति से विवादों के बाद राखी के शो में पहुंचा था लक्ष्मण
अनीता और लक्ष्मण का झगड़ा राखी सावंत के शो ‘राखा का इंसाफ’ तक पहुंच गया था. लक्ष्मण की मां ने बताया था कि राखी ने अपने शो में उसे काफी जलील किया था. उसे नामर्द तक कह दिया था. 23 अक्तूबर, 2010 को शो टीवी पर प्रसारित होने के बाद वो लोगों के सामने आने से डरने लगा था. वो रातों को शो नहीं पाता था. खाना भी छोड़ दिया था. वो अपनी मां से कहता था कि राखी ने उसकी जिंदगी खत्म कर दी.
घरवालों के अनुसार, लक्ष्मण का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा था और 9 नवंबर, 2010 को उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद 10 नवंबर को उसकी मौत हो गई थी. हालांकि, राखी सावंत कोई पहली बार विवादों में नहीं आई हैं. इसके पहले भी वो अपनी बेबाकी की वजह से चर्चा में रही हैं.
Input By : पुष्पेंद्र सिंह
