Headlines

राजस्थान: जोधपुर में पानी के होद में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम


राजस्थान में जोधपुर के तिंवरी निकटवर्ती मांडियाई खुर्द गांव शनिवार को एक ऐसे दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. खेत में बने जल संग्रहण होद में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई. एक साथ तीन बच्चों के असमय निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो उठी.

जानकारी के अनुसार लक्ष्मी (8) पुत्री पुखराज सियोल, प्रताप (8) पुत्र तिलाराम सियोल और रोहित (7) पुत्र राजाराम सियोल शनिवार दोपहर घर के पास खेल रहे थे. खेलते-खेलते तीनों बच्चे खेत में बने जल होद के पास पहुंच गए. आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वे होद में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए. होद की गहराई करीब 5 से 8 फीट बताई जा रही है.

घर नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश 

काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई. शाम करीब चार बजे बच्चों के होद में गिरने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल जोधपुर के अस्पताल ले जाया गया. लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.

यह भी पढ़ें: Kota News: महंत की हत्या पर गरमाई सियासत, BJP का कांग्रेस पर पलटवार- ‘संवेदनशील मुद्दे पर…’

मथानिया थानाधिकारी कैलाशी के अनुसार पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए. शाम करीब छह बजे तीनों मासूमों का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.

परिवार का बुरा हाल 

रोहित मूल रूप से खेतासर गांव का निवासी था और इन्ह दिनों अपनी बुआ के घर मांडियाई खुर्द आया हुआ था. किसी ने नहीं सोचा था कि छुट्टियां मनाने आया यह मासूम ऐसी दुखद घटना का शिकार हो जाएगा.

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी का दिल दहल उठा. ग्रामीणों ने खेतों में बने जल होदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस तरह का दर्द न झेले.

यह भी पढ़ें:  Bharatpur News: मामी ने रची खौफनाक साजिश, नाबालिग भांजी का कराया जेंडर चेंज, बोली- ‘अब हम पति-पत्नी…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *