Headlines

राम मंदिर चढ़ावा चोरी से जुड़ी याचिकाओं का SC ने निपटारा किया, कोर्ट ने क्या कहा?


अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की रकम की कथित चोरी से जुड़ी याचिकाओं का सुप्रीम कोर्ट ने निपटारा कर दिया है. उत्तर प्रदेश सरकार ने कोर्ट को बताया कि मामले में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है. इसके बाद कोर्ट ने मजिस्ट्रेट को कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

चीफ जस्टिस सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा है कि अगर याचिकाकर्ता चाहें तो मुकदमे के दौरान बतौर शिकायतकर्ता ट्रायल कोर्ट की सहायता कर सकते हैं. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी साफ किया कि उसने आरोपों के गुण-दोष पर कोई राय नहीं दी है.

राज्य सरकार ने क्या कहा?

20 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार से कहा था कि वह नई एसआईटी का गठन करे. 27 जुलाई को राज्य सरकार ने बताया कि उसने कोर्ट के आदेश का पालन किया है. नई एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को सौंपी गई है. इस टीम में एक डीआईजी और एक एसएसपी भी शामिल हैं.

21 सितंबर को एसआईटी ने कोर्ट को बताया था कि चंदा चोरी की कुल 105 घटनाओं की जानकारी सामने आई है. उसे 8 लोगों के खिलाफ सबूत मिले हैं. सीसीटीवी फुटेज, बैंक खातों के रिकॉर्ड जैसी कई बातें इसका आधार हैं. चीफ जस्टिस सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली 3 जजों की बेंच ने एसआईटी की स्टेटस रिपोर्ट देखने के बाद उसे आरोप पत्र दाखिल करने की अनुमति दे दी थी.

सुप्रीम कोर्ट ने किन याचिकाओं का किया निपटारा?

सोमवार, 2 नवंबर को हुई सुनवाई में यूपी सरकार ने जजों को बताया कि एसआईटी ने चार्जशीट दाखिल कर दी है. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ट्रायल कोर्ट के जज अब कानून के मुताबिक मामले पर विचार करें. सुप्रीम कोर्ट में जिन लोगों ने याचिकाएं दाखिल की थीं, वह चाहें तो बतौर पीड़ित ट्रायल कोर्ट में अपनी बात रख सकते हैं.

सुप्रीम कोर्ट ने जिन 5 याचिकाओं पर सुनवाई बंद की है, उन्हें वकील नरेंद्र कुमार गोस्वामी, अजय कुमार राय, आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह, हिंदू धर्म परिषद और अखिल भारत हिंदू महासभा ने दाखिल किया था. इन याचिकाओं में जांच CBI को सौंपने, विशेष SIT गठित करने, दान प्रबंधन की समीक्षा के लिए एक्सपर्ट कमेटी बनाने, ट्रस्ट का फोरेंसिक ऑडिट कराने और मंदिर को मिलने वाले दान का ब्योरा आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव सार्वजनिक करने जैसी कई मांगें की गई थीं.

राम मंदिर ट्रस्ट में बदलाव

राम मंदिर चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. साथ ही ट्रस्ट में बदलाव किए गए हैं. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पहली बार सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) की नियुक्ति की. ट्रस्ट ने वायु सेना के पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्र को सीईओ की कमान दी. 27 जून को ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने पद से इस्तीफा दे दिया. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *