बागपत में दीपावली की रात पटाखे छोड़ने को लेकर ऐसा खूनी विवाद हुआ कि गांव ही दहल गया. मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. एक गोली सीधे राष्ट्रपति के अंगरक्षक के सिर में जा लगी. अंगरक्षक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. इस घटना में सौरव, उसका भाई विनीत व एक आरोपी समेत घायल हुए हैं.
राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ ने बताया, “मैं राष्ट्रपति के अंगरक्षक (प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड) दल में तैनात हूं. मेरे ही गांव के रहने वाले धीरज नाम के एक व्यक्ति ने मुझे गोली मार दी. मैंने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने इस पर कार्रवाई की है. फिलहाल मेरा मेरठ में इलाज चल रहा है, और मैं सुरक्षित हूं.”
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. आरोपी मोनू और सौरभ के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस की तीन टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई हैं. पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ तोमर गोली लगने से घायल हुआ था. फिलहाल सौरभ मेरठ के अस्पताल के आइसीयू में भर्ती है.
घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात
वारदात के बाद गांव में दोनों पक्षों में तनाव का माहौल है. पुलिस ने आरोपी समेत दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है. मौके पर गांव में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है. बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में रविवार रात करीब सवा नौ बजे जनकराज के बेटे विनीत उर्फ मिंटू, सौरभ और सुमित घर के सामने पटाखे चला रहे थे.
इसी दौरान गांव का धीरज वहां से गुजरा. पटाखे छुटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि धीरज ने तमंचा निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी. इसी दौरान एक गोली राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ के सिर में जा लगी. गोली लगते ही सौरभ जमीन पर गिर पड़ा.
इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे. मारपीट में विनीत उर्फ मिंटू और दूसरे पक्ष का मोनू उर्फ प्रवीण भी घायल हो गया. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सौरभ की गंभीर हालत देखते हुए उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया. वह दीपावली की छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था.
सीओ और एएसपी ने की घटना की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ अंशु जैन और एएसपी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की. घायल के पिता जनकराज की तहरीर पर धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. दीपावली की रात पटाखों को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर गोलीबारी और खूनी संघर्ष तक कैसे पहुंच गया? यह पुलिस जांच का विषय है.
फिलहाल गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है और पुलिस दोनों पक्षों पर निगाह रखे हुए हैं. सीओ अंशु जैन का कहना है कि सौरभ को गोली लगी है. उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर है. धीरज और उसके भाई प्रवीण कुमार उर्फ मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
‘समझ से बाहर है कि…’, यूपी के मंत्री के AMU-जामिया पर बयान से भड़के मौलाना शहाबुद्दीन
