लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने रचनात्मक कांग्रेस सम्मेलन में विदेशी नेताओं को गले लगाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की. इस पर अब बीजेपी ने राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है. पार्टी के तमाम नेताओं ने राहुल गांधी की इस हरकत को शर्मनाक बताया. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने तो उनकी मानसिक स्थिति पर ही सवाल खड़े कर दिए.
निशिकांत दुबे ने साधा निशाना
निशिकांत दुबे ने एक्स पर राहुल गांधी का एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, आपको लगता है कि राहुल गांधी जी की मानसिक स्थिति ठीक है? झारखंड के रांची में कांके इनके लिए ठीक जगह है.
आपको लगता है कि राहुल गांधी जी की मानसिक स्थिति ठीक है? झारखंड के राँची में कांके इनके लिए ठीक जगह है pic.twitter.com/skrSEXtSkA
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) August 13, 2026
स्मृति ईरानी ने की क्रिप्टिक पोस्ट
वहीं बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने क्रिप्टिक पोस्ट कर राहुल गांधी का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधा है. स्मृति ने पोस्ट में लिखा, ऊंचाई तक पहुंच न पाए, अभद्र व्यवहार करते हैं, तर्कों से जो हार गए, मर्यादा तार-तार करते हैं.
विनोद तावड़े ने टिप्पणियों को बताया अपमानजनक
राज्यसभा सांसद और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला. उन्होंने एक्स पर लिखा, देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा एक संप्रभु देश की राष्ट्रध्यक्ष और भारतीय प्रधानमंत्री पर अशोभनीय टिप्पणियां करना बेहद अपमानजक है. भारतीय विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को लेकर ऐसा आचरण भारतीय राजनीति को शर्मसार करने वाला है.
शालीनता की सारी हदें की पारः असम सीएम
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एक्स पर लिखा, ‘कांग्रेस के वंशवादी नेतृत्व ने एक बार फिर शालीनता की सारी हदें पार कर दी हैं. एक मित्र देश की महिला राष्ट्राध्यक्ष के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जबकि मंच पर और दर्शकों में मौजूद महिलाएं भी उस पर हंसती रहीं. यह केवल राजनीतिक अशिष्टता नहीं है, बल्कि भारत के विदेश संबंधों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी है. जब महिलाओं का अपमान मनोरंजन का ज़रिया बन जाए, तो इससे उस संस्कृति के बारे में बहुत कुछ पता चलता है जिसे बढ़ावा दिया जा रहा है.’
हताश और निराश हैं राहुल गांधीः जोशी
इधर, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी पीएम मोदी पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘राहुल गांधी में हताशा, निराशा और मायूसी साफ तौर पर देखी जा सकती है. जब परीक्षा का पेपर लीक होने और जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के मुद्दों पर चर्चा की मांग उठी, तो विपक्ष भाषण सुनने के लिए भी तैयार नहीं था. लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री के खिलाफ राहुल गांधी जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, उसे देखिए. विरोधी नेताओं की आलोचना करते समय हमेशा एक बुनियादी शिष्टाचार और सभ्य भाषा का इस्तेमाल किया जाता रहा है, चाहे वह प्रधानमंत्री हों या विपक्ष के नेता. उन्होंने उस शिष्टाचार को पूरी तरह से छोड़ दिया है क्योंकि उनमें इसकी कमी है.”
अकाली दल ने भी की आलोचना
शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल पर हुए हमले के बारे में उन्होंने कहा, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं और जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद हम उसकी समीक्षा करेंगे. मैं उन पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’
यह भी पढ़िएः ‘भारत को संघ पर विश्वास’, राहुल गांधी ने किया RSS पर हमला तो VHP ने दिखाया आईना
