रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के गीत बजाने को लेकर महाराष्ट्र में सियासत तेज हो गई है. AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि छठ पूजा हिंदू भाइयों का बड़ा त्योहार है. सभी को अपने त्योहार मनाने का अधिकार है. वह न पहले किसी के त्योहार के खिलाफ थे और न आगे कभी होंगे. लेकिन नियम और कानून सबके लिए बराबर होने चाहिए.
वारिस पठान ने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के गाने बजाए जा रहे हैं. यह अच्छी बात है. लेकिन अगर वह किसी रेलवे स्टेशन पर जाकर नमाज पढ़ेंगे तो क्या होगा? ऐसा करने पर बवाल मच जाएगा. उन्होंने कहा कि संविधान सभी को समानता का अधिकार देता है. इसलिए नियमों में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए.
यह भी पढ़ें- NCP के विलय की तैयारी? सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात से बढ़ी हलचल
मुंबई के स्टेशनों पर बजाए गए थे छठ के गीत
दरअसल, छठ पूजा से पहले मुंबई के कई रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी में छठ के पारंपरिक गीत बजाए गए थे. इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस जैसे स्टेशन शामिल थे. रेलवे के मुताबिक, ये गाने यात्रियों के लिए जरूरी घोषणाओं के बाद बचे समय में बजाए गए थे.
राज ठाकरे ने बीजेपी पर लगाए थे आरोप
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने भी इस मामले पर विरोध जताया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि बीजेपी छठ पूजा के मुद्दे का इस्तेमाल महाराष्ट्र में मराठी और उत्तर भारतीयों के बीच विवाद पैदा करने के लिए कर रही है. राज ठाकरे ने दावा किया था कि उनकी पार्टी ने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने का विरोध किया और उन्हें बंद कराया. उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश चुनाव से जोड़ते हुए लोगों से राजनीतिक चाल में नहीं फंसने की अपील की थी
छठ पूजा को लेकर बढ़ी सियासी बयानबाजी
छठ गीतों को लेकर महाराष्ट्र में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता आमने-सामने हैं. कुछ संगठनों ने रेलवे के सार्वजनिक उद्घोषणा सिस्टम पर गाने बजाने पर आपत्ति जताई है. वहीं, शिवसेना नेता संजय निरुपम ने छठ गीतों का समर्थन किया है. अब वारिस पठान के बयान ने इस विवाद को नया मोड़ दे दिया है.
यह भी पढ़ें- संजय राउत बोले- ‘PM मोदी और गृहमंत्री अमित शाह नेहरू नहीं बन सकते’
