राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को एक बार फिर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. दुबग्गा बाईपास पर बड़ी संख्या में छात्राएं धरने पर बैठ गई. छात्राओं के सड़क पर बैठने से दुबग्गा बाईपास से बालागंज की ओर जाने वाली सड़क जाम हो गई.
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के चलते उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. छात्राओं ने स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की तैनाती किए जाने की मांग को लेकर धरना शुरू किया. छात्राओं का कहना है कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी की समस्या बनी हुई है, लेकिन इसका समाधान नहीं किया जा रहा है.
छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है. जिससे उनकी पढ़ाई अच्छी नहीं हो रही है. इसके अलावा. भोजन अच्छा नहीं रहता और बीमार होने पर सही इलाज नहीं मिलता. ये समस्याएं लगातार बनी हुई हैं. कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
5 महीने के बाद एग्जाम पढ़ने वाला कोई नहीं
छात्राओं का कहना है कि स्कूल में फिजिक्स सहित कई विषयों के शिक्षक नहीं है. 8 महीनों से लगातार शिक्षकों की कमी के चलते पढ़ाई मजधार में है. 5 महीने के बाद बोर्ड के पेपर है. ऐसे में एग्जाम में हमारे नंबर कम आयेंगे. जो हमको भविष्य में दिक्कत पैदा करेंगे.
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने डीएम और मुख्यमंत्री को मौके पर बुलाने की मांग की. छात्राओं ने मुख्यमंत्री को बुलाने के नारे भी लगाए. समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालय की छात्राओं में अपनी मांगों को लेकर आक्रोश नजर आया.
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
छात्राओं के सड़क पर बैठने से बाईपास पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर छात्राओं को समझाने का प्रयास किया. इससे पहले 14 अगस्त को छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था. तब विभागीय मंत्री असीम अरुण मौके पर पहुंचे थे. उनके आश्वासन के बाद छात्राओं ने प्रदर्शन खत्म किया था.
