पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) वनडे टीम से ड्रॉप होने के बाद बकरीद (ईद-उल-अजहा) के लिए जानवर खरीदने मुंह छिपाकर मंडी पहुंचे. उनके मंडी पहुंचने का वीडियो सामने आया. वीडियो में रिजवान के चेहरे पर मास्क और चश्मा दिख रहा है. रिजवान इस भेष-भूषा में मंडी क्यों पहुंचे? इसका जवाब तो सिर्फ रिजवान के पास ही होगा.
रिजवान करते हैं बकरों का दान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिजवान बीते करीब 6 सालों से बकरों का दान करते आ रहे हैं. दावा किया गया कि इस दफा रिजवान ने 100 परिवारों के लिए बकरे खरीदे हैं. हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
Muhammad Rizwan has bought his Qurbani animal for Eid Al Adha 2026.🐄❤️ pic.twitter.com/zRCc71f9cZ
— Ahtasham Riaz (@ahtashamriaz22) May 25, 2026
वनडे टीम से हुए ड्रॉप
बता दें कि 30 मई से पाकिस्तान की सरजमीं पर पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है. सीरीज के लिए पाकिस्तान के स्क्वॉड में रिजवान का नाम गायब रहा. पाकिस्तान बोर्ड ने सीरीज के लिए गाजी घोरी और रोहेल नजीर को विकेटकीपर के रूप में स्क्वॉड का हिस्सा बनाया है. बताते चलें कि रिजवान टी20 से भी बाहर चल रहे हैं.
मौजूदा वक्त में वह पाकिस्तान के सिर्फ टेस्ट सेटअप का हिस्सा हैं. हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में भी रिजवान पाकिस्तान के लिए खेलते हुए नजर आए थे. सीरीज में पाकिस्तान को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था.
मोहम्मद रिजवान का अंतर्राष्ट्रीय करियर
रिजवान ने अब तक अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 43 टेस्ट, 103 वनडे और 106 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल लिए हैं. टेस्ट की 73 पारियों में बैटिंग करते हुए उन्होंने 40.31 की औसत से 2580 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं. वनडे की 94 पारियों में बैटिंग करते हुए रिजवान के बल्ले से 40.80 की औसत से 2979 रन निकल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 19 अर्धशतक जड़े. बाकी टी20 इंटरनेशनल 93 पारियों में रिजवान ने 47.41 की औसत और 125.37 के स्ट्राइक रेट से 3414 रन स्कोर किए, जिसमें 1 शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: RCB vs GT: क्वालीफायर-1 में गुजरात ने जीता टॉस, RCB की पहले बैटिंग; प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव
