बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर पर 14 अप्रैल को फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था. आधी रात को फायरिंग की इस घटना ने हर किसी का दिल दहला दिया था. उस समय पुलिस ने दावा किया था कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह द्वारा भाड़े पर लिए गए शूटरों ने एक्टर की हत्या की साजिश रची थी. ऐसे में बीते दिन ही इस मामले में सुनवाई हुई. इस मामले में सलमान के बॉडीगार्ड ने खुलासा किया कि फायरिंग एक्टर की हत्या की कोशिश थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बारे में सलमान खान के बॉडीगार्ड ने अदालत को बताया कि वह 13 अप्रैल को शाम 7 बजे अपनी नियमित रात की शिफ्ट के लिए रिपोर्ट करने गया था. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से मिल रही धमकियों के कारण उस समय अभिनेता की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी.
सुबह 4 बजे पटाखों जैसी आई थी आवाज…
सलमान खान के बॉडीगार्ड ने घटना को लेकर आगे बताया, ‘सुबह करीब 4 बजे हमें पटाखों जैसी आवाजें सुनाई दी. मैंने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो देखा कि हेलमेट पहने दो लोग बाइक पर सवार होकर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलियां चला रहे थे.’ उसने बताया कि करीब 4-5 राउंड फायरिंग की गई थी. गार्ड ने बताया, ‘सीसीटीवी देखने के बाद मैं और अन्य गार्ड तुरंत मेन गेट से बाहर निकले और हमलावर आई लव बांद्रा पॉइंट की ओर भागे और फिर महबूब स्टूडियो रोड की ओर चले गए.’
यह भी पढ़ें: ‘आलू का बोरा है…’, जब रवि किशन ने की थी अक्षरा सिंह की बॉडी शेमिंग, नाराज हो गई थीं एक्ट्रेस
जान से मारने की कोशिश की गई…
सलमान खान ने बॉडीगार्ड ने ये भी स्पष्ट किया कि घटना के समय सलमान खान पहली मंजिल पर अपने बेडरूम में थे. उसकी ओर से मुंबई की स्पेशल कोर्ट में दावा किया गया, ‘गोलीबारी अभिनेता को जान से मारने का कोशिश थी.’ वहीं गार्ड ने एक्टर को मिली धमकियों के बारे में भी कोई पर्सनल जानकारी ना होने का दावा भी किया.
इसके साथ ही, एक अन्य गवाह, पुलिस गार्ड ने अदालत में बताया कि वह घटना के वक्त लॉबी में था और उसने घटना नहीं देखी लेकिन मौके पर पड़े कारतूस देखे थे.

दो दिन पहले ही की थी रेकी
पुलिस की ओर से जानकारी दी गई थी कि मोहम्मद रफीक सरदार चौधरी ने घटना के दो दिन पहले इलाके की रेकी की थी और वीडियो बनाया और इसे वॉन्टेड आरोपी अनमोल बिश्नोई को भेजा था. बाइक पर सवार विक्की गुप्ता और सागर पाल ने फायरिंग की थी. फायरिंग के मामले में विक्की गुप्ता, सागर पाल, सोनू कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह को न्यायिक हिरासत में ले लिया गया. वहीं, आरोपी अनुजकुमार थपन ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली थी. इसके साथ ही लॉरेंस बिश्नोई और उसका भाई अनमोल बिश्नोई वॉन्टेड हैं.
यह भी पढ़ें: ‘नहीं हो रहा ना छोड़ दो…’, ‘राजा शिवाजी’ पर 10 साल से काम कर रहे थे रितेश देशमुख, 3 बार हुए थे फेल
सलमान खान के पीछे क्यों पड़ा है बिश्नोई गैंग?
सलमान खान के पीछे बिश्नोई गैंग काफी सालों से पड़ा है. साल 1998 में काला हिरण शिकार मामले की वजह से बिश्नोई समाज एक्टर से काफी नाराज है, जिसकी वजह से बिश्नोई गैंग उनके पीछे पड़ा है. उसकी ओर से सलमान को चेतावनी दी गई है कि या तो वो वहां के मंदिर में आकर माफी मांग लें या फिर वो उन पर जानलेवा हमला करेगा. काला हिरण शिकार केस में एक्टर को जेल तक जाना पड़ा था.
