उत्तर प्रदेश में जहां एक तरफ कानून व्यवस्था को लेकर के सूबे के अफसर तमाम दावे कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ राजधानी लखनऊ में करीब 9 दिन से शिवा हत्याकांड मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे उनकी पकड़ से दूर है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर वो खुद को बेगुनाह बता रही है.
वही, अब श्रद्धा दुबे के पूर्व ड्राइवर ने कई सनसनीखेज दावे किए हैं. ड्राइवर के मुताबिक, श्रद्धा की लाइफस्टाइल बेहद लग्जरी थी, जबकि उसके पास खुद ड्राइवर को देने के लिए भी पैसे नहीं होते थे. उसने आरोप लगाया कि श्रद्धा शाम होते ही सज-धजकर महंगी गाड़ियों में घूमने वाले रईस लोगों के बीच जाती थी और अपने संपर्कों के जरिए उन्हें निशाना बनाने की कोशिश करती थी.
तीसरे व्यक्ति ने सात दिन तक चलाई श्रद्धा की ब्लैक स्कॉर्पियो
पूर्व ड्राइवर ने बताया कि उसे एक ऐप के जरिए किसी तीसरे व्यक्ति ने श्रद्धा की गाड़ी चलाने के लिए बुक किया था. उसने करीब सात दिन तक श्रद्धा की ब्लैक स्कॉर्पियो चलाई थी. यही गाड़ी बाद में बहराइच के रूपईडीहा पर खड़ी मिली थी. ड्राइवर ने बताया कि पहले दिन वह सुबह करीब 10 बजे हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट पहुंच गया था, लेकिन श्रद्धा शाम पांच बजे फ्लैट से नीचे उतरी. इसके बाद वह मुंशीपुलिया स्थित एक ब्यूटी पार्लर गई, जहां से रात करीब 10:30 बजे तैयार होकर निकली.
‘BJP और बसपा से मिला कैबिनेट मंत्री पद का ऑफर’, कांग्रेस नेता अजय राय का दावा
महंगी गाड़ियों वाले लोगों को बनाती थी निशाना
ड्राइवर ने आरोप लगाया कि श्रद्धा शाम के समय उन जगहों पर जाती थी, जहां महंगी गाड़ियों से आने वाले लोग मौजूद रहते थे. वह कार के शीशे नीचे करके और तेज म्यूजिक बजाकर चलती थी, ताकि लोगों का ध्यान उसकी ओर जाए. किसी व्यक्ति को निशाना बनाने के बाद वह अपनी गाड़ी उसके पीछे लगवा देती थी और फोन पर अपने परिचितों से बातचीत करती थी. उसकी जीवनशैली काफी महंगी थी.
पूर्व ड्राइवर को बकाया पैसे मांगने पर दी धमकी
पूर्व ड्राइवर ने बताया कि उसने श्रद्धा के पास सात दिन तक काम किया. जब अपने पैसे मांगे तो श्रद्धा ने उसे पैसे देने से मना कर दिया. उसने आमिर नाम के एक व्यक्ति को फोन कर उसे नकद पैसे दिलाए. कुछ पैसे रहे गए थे जिसको मांगने पर उसने जेल भिजवाने की धमकी दी. श्रद्धा के पास उसे देने के लिए 700 रुपये तक नहीं थे.
पुलिस ने फरार श्रद्धा दुबे उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. तीनों के खिलाफ NBW भी जारी किया गया है. इस बीच श्रद्धा ने एक के बाद एक करके तीन वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किए हैं. जिसमें उसने खुद बेकसूर बताया है. हालांकि वो पुलिस की पहुंच से अभी भी दूर है.
