भारत ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 मैच में 9 विकेट से हरा दिया है. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने ऐसा तूफान मचाया कि टीम इंडिया ने 8.5 ओवर में ही लक्ष्य को चेज कर दिया. पहले भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे की पारी को मात्र 102 रनों पर रोक दिया था. शेफाली ने महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में भारत के लिए तीसरा सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन टी20 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है.
कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा, दोनों ने मिलकर गदर मचा दिया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर कुटाई कर डाली. दोनों ने मिलकर केवल 47 गेंद में पहले विकेट के लिए 96 रन जोड़े. टीम इंडिया की जीत लगभग सुनिश्चित हो चुकी थी, तभी शेफाली वर्मा 25 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हो गईं.
शेफाली वर्मा का तूफान
शेफाली वर्मा ने 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था. यह टी20 क्रिकेट में भारत के लिए तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है. टीम इंडिया के लिए दूसरी सबसे तेज फिफ्टी भी शेफाली के ही नाम है. उन्होंने 23 और 24 गेंद में पहले भी पचासा ठोका है. शेफाली ने 220 के स्ट्राइक रेट वाली अपनी तूफानी पारी में 6 चौके और 4 छक्के लगाए. उनके अलावा स्मृति मंधाना ने भी गदर मचाया. मंधाना 25 गेंद में 47 रन बनाकर नाबाद लौटीं. मंधाना ने 6 चौके और 2 छक्के लगाए.
सीरीज में 2-0 से आगे भारत
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. यह बतौर कप्तान स्मृति मंधाना की पहली इंटरनेशनल सीरीज भी है. इससे पूर्व 16 अक्टूबर को खेले गए पहले टी20 मैच में भारतीय टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी. सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाना है.
यह भी पढ़ें:
कप्तानी छिनने के बाद सलमान अली ने ठोका तूफानी शतक, पाकिस्तानी बल्लेबाज का सेलिब्रेशन वायरल
