Ajinkya Rahane IPL: भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार (30 जुलाई) को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान किया. रहाणे करीब 3 साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे. 2018 के बाद वह मुख्यत: टेस्ट क्रिकेट खेल रहे थे. उन्होंने पिछला टेस्ट जुलाई 2023 में खेला था. जगह नहीं मिलने के चलते 38 साल के रहाणे ने संन्यास लेने का फैसला किया. अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या वह संन्यास के बाद आईपीएल खेलना जारी रखेंगे?
आईपीएल में रहाणे पिछले दो सीजन से कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कप्तान के रूप में खेलते हुए नजर आ रहे हैं. पिछले यानी 2026 के आईपीएल में उन्होंने केकेआर के लिए कप्तान की भूमिका निभाई थी. तो आइए जानते हैं कि क्या रहाणे संन्यास के बाद केकेआर के लिए खेलने जारी रखेंगे या नहीं. जैसे एमएस धोनी ने 2020 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद आईपीएल खेलना जारी रखा. क्या रहाणे भी ऐसा करेंगे?
क्या संन्यास के बाद IPL खेलना जारी रखेंगे रहाणे?
रहाणे में अपने संन्यास का एलान करते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं. इससे तो यही पता चलता है कि अब रहाणे आईपीएल में भी नहीं खेलेंगे. लिहाजा केकेआर को अगले सीजन के लिए नए कप्तान की तलाश होगी. हालांकि अब तक नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी की तरफ से भी उनके खेलने को कुछ साफ नहीं किया गया है.
2024 में शिखर धवन ने भी संन्यास लिया था. धवन 2024 सीजन में आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आए थे. लेकिन संन्यास के बाद उन्होंने आईपीएल भी नहीं खेला था. धवन ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अलविदा कहा था.
अजिंक्य रहाणे का आईपीएल करियर
नजर डालें रहाणे के आईपीएल करियर पर, तो अब तक उन्होंने 212 मैच खेले, जिनकी 197 पारियों में बैटिंग करते हुए 30.15 की औसत और 125.60 के स्ट्राइक रेट से 5367 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 35 अर्धशतक निकले.
यह भी पढ़ें: बचपन की दोस्त से जींस-टीशर्ट में शादी करने पहुंच गए थे रहाणे, पढ़ें किस्सा
