NDA Protest: छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे को लेकर संसद के अंदर और बाहर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लगातार गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में जवाब मांग रहे हैं. राहुल गांधी का सवाल है कि 20 जून को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाने की अनुमति किसने दी. वहीं, NDA ने दावा किया है कि गृह मंत्री अमित शाह सदन में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन अब राहुल गांधी चर्चा से पीछे हट रहे हैं.
इसी मुद्दे को लेकर NDA सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया. सांसद हाथों में पोस्टर लेकर संसद के मकर द्वार की ओर मार्च करते नजर आए. पोस्टरों पर ‘गृह मंत्री की चर्चा से राहुल गांधी भागो मत’ जैसे संदेश लिखे थे. बीजेपी ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरने की रणनीति तैयार की है.
NDA सांसदों का राहुल गांधी पर हमला
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कई दिनों से गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांग रहे थे. अब जब गृह मंत्री हर सवाल का विस्तार से जवाब देने के लिए तैयार हैं तो राहुल गांधी को चर्चा से पीछे नहीं हटना चाहिए.
किरेन रिजिजू ने कहा, ‘राहुल गांधी चर्चा से भाग नहीं सकते. आपको गृह मंत्री जी का सामना करना होगा.’ उन्होंने सोशल मीडिया पर #राहुल_भागना_नहीं और #BhagoMat हैशटैग का भी इस्तेमाल किया.
संजय जायसवाल बोले- ‘राहुल गांधी को झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज का जवाब देना होगा’
बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी हर बार मुद्दे का ‘गोल पोस्ट’ बदल रहे हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर जवाब देना होगा. बीजेपी सांसदों ने प्रदर्शन के दौरान ‘राहुल गांधी जवाब दो, जवाब दो’ के नारे लगाए. सांसदों ने कहा कि राहुल गांधी को सदन में आकर इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान कुछ नेताओं ने राहुल गांधी को ‘डरपोक’ भी कहा और आरोप लगाया कि वह जिन सवालों का जवाब मांग रहे थे, अब उन्हीं सवालों पर चर्चा से पीछे हट रहे हैं.
अरुण सिंह बोले- राहुल गांधी भगोड़ा हैं
बीजेपी नेता अरुण सिंह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को शर्म करनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में जो हुआ और जो हो रहा है, राहुल गांधी उससे भाग रहे हैं.
कंगना रनौत ने कहा-देश को धोखा दे रहे हैं
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने चर्चा से इनकार कर दिया है. उनके मुताबिक, अगर विपक्ष चर्चा से पीछे हटता है तो यह देश के साथ धोखा है.
साक्षी महाराज बोले- पूरा विपक्ष चर्चा नहीं चाहता
बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि पूरा विपक्ष किसी भी तरह की चर्चा नहीं चाहता. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर और झारखंड के मुद्दे पर विपक्ष का रुख अलग-अलग है और विपक्ष चर्चा से बचने की कोशिश कर रहा है.
तरुण चुघ ने राहुल गांधी पर लगाया दोहरे मापदंड का आरोप
बीजेपी नेता तरुण चुघ ने कहा कि राहुल गांधी का मापदंड दोहरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक तरफ गृह मंत्री से जवाब मांगते हैं और दूसरी तरफ जब सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो विपक्ष चर्चा से पीछे हट रहा है.
मनोज तिवारी बोले- अमित शाह जवाब देंगे, राहुल गांधी भागना मत
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह सदन में इस मुद्दे पर जवाब देंगे. उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि वह चर्चा से भागें नहीं और सदन में आकर गृह मंत्री का जवाब सुनें.
अरुण गोविल बोले- विपक्ष सिर्फ हंगामा करना चाहता है
बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने विपक्ष के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष का व्यवहार पूरी तरह गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा नहीं चाहता और सिर्फ हंगामा करना जानता है.
अनुप्रिया पटेल बोलीं- सरकार चर्चा के लिए तैयार है
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि तीन मांगों को लेकर सदन में चर्चा हो रही है. उन्होंने कहा कि ऐसा विपक्ष शायद पहले कभी नहीं आया, जो चर्चा ही नहीं करना चाहता. उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार ने कड़ा कानून बनाया है और गृह मंत्री अमित शाह सदन में अपनी बात रखना चाहते हैं. अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह चर्चा से बच रहा है और झूठ की बुनियाद पर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाना चाहता है.
संसद भवन में विपक्ष की बड़ी बैठक शुरू
संसद भवन में विपक्षी दलों की बड़ी बैठक भी शुरू हो गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के चेंबर में हो रही इस बैठक में विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है. बैठक में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, राजद सांसद संजय यादव, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत, कांग्रेस नेता जयराम रमेश, नासिर हुसैन और राजीव शुक्ला सहित कई विपक्षी नेता पहुंच चुके हैं.
