2027 के चुनाव के लिए यूपी में सभी दल अपनी-अपनी बिसात बिछा रहे हैं, 27 में बीजेपी हैट्रिक लगाने की तैयारी कर रही है तो एसपी और कांग्रेस सीटों पर फंसे पेच को सुलझाने में जुटी है. आज समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की सीटों पर बातचीत के लिए दो दिवसीय बैठक शुरू हुई. आज 20 मिनट बैठक चली. वहीं दूसरी तरफ NDA के सहयोगी दल अपना-अपना समीकरण फिट कर रहे हैं.
सपा-कांग्रेस की बैठक में समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी मौजूद रहे. कांग्रेस की तरफ से उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, अध्यक्ष आराधना मिश्रा, विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हैं.
आज क्या हुई बात?
आज की बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने कहा जब समस्या जटिल होती है तो वक्त लगता ही है. सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई. राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कल फिर बैठक होगी. सब चीजों पर बातचीत चल रही है, मिलकर चुनाव लड़ने पर बातचीत हुई.
हाल ही में राजस्थान में पंचायत चुनाव के बाद कांग्रेस का जोश हाई है, पार्टी के नेताओं को लगता है कि इससे उनकी बारगेनिंग पावर बढ़ी है. हालांकि सपा के सूत्रों ने बैठक से पहले कहा कि आज सीटों की संख्या को लेकर कोई अंतिम चर्चा नहीं होगी. आज की बैठक में कांग्रेस जिन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, उन पर चर्चा होगी. समाजवादी पार्टी कांग्रेस से इन सीटों को लेकर उसका चुनावी समीकरण, जीतने की रणनीति और तैयारी का ब्यौरा मांगेगी.
क्या बोली कांग्रेस?
कांग्रेस की तरफ से सीट बंटवारे पर चर्चा में शामिल इमरान मसूद ने कहा कि यह कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की संयुक्त बैठक है. मनमाना (सीटों की संख्या) तो कुछ भी नहीं होता, मनमाना नहीं है. हम चाहते हैं कि गठबंधन जीते. हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश के अंदर इंडिया गठबंधन की सरकार बने. इसके लिए ज़रूरी है कि एक अच्छा समन्वय करके हम लोग मैदान में उतरें.
एक अन्य नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि जब राहुल गांधी और अखिलेश यादव मिले हैं तो उन्होंने उसपे कुछ डिस्कशंस किए हैं और उसी हिसाब से हम लोग आगे की तैयारी उनके डायरेक्शंस पर कर रहे हैं. कहीं भी दिक्कत नहीं है,पॉजिटिव दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं.
सूत्रों ने बताया कि आज की बैठक में कांग्रेस 181 सीटों वाली पुरानी लिस्ट की जगह नई लिस्ट पर चर्चा करेगी. कांग्रेस की नई लिस्ट पर प्रियंका गांधी की सहमति मिली है. सूत्रों ने बताया कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को सिर्फ 40 से 50 सीटें देने की फिराक में है.
कांग्रेस की रिपोर्ट कार्ड
साल 2012 में कांग्रेस आरएलडी के साथ गठबंधन कर 355 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी. तब उसे 11.65 फीसदी वोट मिले थे. 2017 में कांग्रेस सपा के साथ गठबंधन में 114 सीटों पर चुनाव लड़ी और उसे मात्र 7 सीटों पर जीत मिली. तब 6.25 फीसदी वोट मिले थे. 2022 में कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और दो सीटों पर ही जीत मिली. तब उसे 2.33 फीसदी वोट मिले थे. जीती हुई रामपुर खास में 50.27 फीसदी और फरेंदा में 40.28 फीसदी वोट मिले थे. 4 सीटों पर कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी. 42 सीटों पर उसे 10000+ वोट मिले थे. वहीं 31 सीटों पर 5000 से 10000 वोट मिले थे. 326 सीटों पर 5000 से कम वोट मिले.
यूपी में कांग्रेस अल्पसंख्यक (जुलाहा, अंसारी, मंसूरी), ब्राह्मण और दलित (पासी) में अपनी पकड़ रखती है. कांग्रेस ने इसबार जिन 181 सीटों की मांग की है इसमें 135 सामान्य सीट है और 46 रिजर्व सीट है. यूपी में SC/ST के लिए 86 सीट रिजर्व हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 17 सीटों पर लड़ी थी और 6 सीटों पर जीत दर्ज की. 39 विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने बढ़त बनाई.
कांग्रेस ने कहां मांगी कितनी सीटें?
अमेठी- सभी 4 सीट
रायबरेली- सभी 6 सीट
सहारनपुर- 7 में से 6 सीट
हापुड़- सभी 3 सीट
बुलंदशहर- सभी 7 सीट
गौतमबुद्धनगर – सभी 3 सीट
सीतापुर-9 में से 7 सीट
मुरादाबाद- 6 में से 4 सीट
लखनऊ– 9 में से 6 सीट
भदोही- सभी 3 सीट
फतेहपुर- 6 में से 4 सीट
देवरिया- 7 में से 6 सीट
जौनपुर- 9 में से 4 सीट
मथुरा-सभी 5 सीटें
प्रयागराज- 12 में 7सीटें
प्रतापगढ़-7 में 4 सीट
2022 का चुनाव रिजल्ट
BJP-255
SP-111
कांग्रस-2
BSP-1
RLD-8
SBSP-6
अपना दल-12
निषाद पार्टी-6
NDA का क्या है फॉर्मूला?
वहीं यूपी में 2027 के लिए BJP का सीट बंटवारे का फॉर्मूला तैयार है. सूत्रों के मुताबिक बीजेपी सहयोगी दलों को 55-60 सीटें दे सकती है, जबकि बीजेपी 340-350 सीटों पर लड़ेगी. हालांकि, इस बार बीजेपी के सहयोगी दल पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं.
फिलहाल उत्तर प्रदेश में बीजेपी के साथ अपना दल (एस), आरएलडी, निषाद पार्टी और सुभासपा गठबंधन में शामिल हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी 376 सीटों पर अपने चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ी थी. उस समय बीजेपी के साथ सिर्फ अपना दल (एस) और निषाद पार्टी गठबंधन में थे. लेकिन 2027 के चुनाव में बीजेपी के सहयोगी दलों की संख्या बढ़कर चार हो गई है.
2022 विधानसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी 376 विधानसभा सीटों पर चुनाव अपने सिंबल पर लड़ी थी. तब बीजेपी का गठबंधन सिर्फ अपना दल (एस) और निषाद पार्टी से था. 2027 विधानसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी के 2 सहयोगी दल बढ़ चुके हैं.
अपना दल (S) 2022 में 18 सीटों पर लड़ी थी और इसबार 30 से 35 सीटों पर नजर है. वहीं निषाद पार्टी 16 सीटों पर लड़ी थी और इसबार 30 से अधिक सीटें मांग रही है. SBSP और आरएलडी 2022 में एनडीए में नहीं थी और दोनों 30 सीटें मांग रही है.
