Headlines

सपा सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती


उत्तर प्रदेश की गाजीपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत खराब होनी की खबर सामने आई है. जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गाजीपुर से लखनऊ एंबुलेंस के जरिए लाया गया है और मेंदाता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है. अफजाल अंसारी के भतीजे और मऊ सदर सीट से विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है. 

जानकारी के मुताबिक़ अफजाल अंसारी को पिछले तीन दिनों से बुखार आ रहा था. लेकिन, शुक्रवार दोपहर से उन्हें सीने के नीचे और पेट के ऊपर दर्द होने लगा, जिससे उनकी तबीयत और खराब होने लगी. जिसके बाद परिजनों ने उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पातल में भर्ती कराया है. अफजाल अंसारी की तबीयत ख़राब होने की ख़बर मिलते ही उनके समर्थक और शुभचिंतक भी लखनऊ पहुंचने लगे हैं.

अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

मऊ सदर सीट से विधायक और मुख़्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने अपने समर्थकों से उनके लिए दुआएं करने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अफजाल अंसारी की तबीयत ख़राब होने की जानकारी साझा करते हुए लिखा- ‘बड़े अब्बा जनाब अफजाल अंसारी साहब (सांसद गाज़ीपुर) की तबियत अचानक खराब हो गई है, लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल मे एडमिट है. आप सभी से दुआओं, प्रार्थनाओं की गुजारिश है.’

बता दें कि अफजाल अंसारी गाज़ीपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद हैं और पूर्वांचल के क़द्दावर नेताओं में गिने जाते हैं. अफजाल पूर्वांचल के बाहुबली नेता मुख़्तार अंसारी के बड़े भाई हैं. अफजाल अंसारी ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और लगातार पाँच बार मोहम्मदाबाद सीट से भाकपा के विधायक रह चुके हैं और तीन बार गाज़ीपुर सीट से सांसद रहे हैं. 

साल 2004 में अफजाल अंसारी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे. जिसके बाद 2004 में सपा के टिकट पर सांसद बने. 2009 और 2014 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा और वो बसपा में शामिल हो गए. इसके बाद 2019 में वो बसपा के टिकट से चुनाव जीत कर आए लेकिन, 2023 में उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया. साल 2024 में वो फिर से सपा के टिकट पर गाजीपुर से सांसद बने.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *