Headlines

साइबर ठगी का शिकार हुए एक्टर राहुल सिंह तोमर, 85 हजार रुपये का लगा चूना


मुंबई के अंधेरी (वेस्ट) में रहने वाले मशहूर टीवी एक्टर राहुल सिंह तोमर साइबर अपराधियों की चालाकी का शिकार हो गए हैं. शातिर ठगों ने उनके बैंक अकाउंट से 85,000 रुपये निकाल लिए. हालांकि, राहुल की सूझबूझ और तुरंत एक्शन लेने  से उनके अकाउंट में मौजूद अन्य 32,000 रुपये चोरी होने से बच गए. इस संबंध में अंबोली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला?
घटना 27 अप्रैल 2026 की दोपहर की है, जब राहुल के पास करीब 3:35 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया. कॉल करने वाले शख्स ने राहुल के नाम, पते और उनके प्रोफेशन के बारे में पूछताछ की. राहुल एक्टिंग से जुड़े हैं तो उन्हें लगा कि ये किसी नए प्रोजेक्ट या काम के सिलसिले में किया गया कॉल है, इसलिए उन्होंने सामान्य जानकारी शेयर की, लेकिन इस बातचीत के कुछ ही देर बाद उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.

आधे घंटे में अकाउंट से उड़े 85,000 रुपये
महज आधे घंटे के भीतर शाम 4:05 बजे राहुल के मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके अकाउंट से 85,000 रुपये ‘डोंगरी सुप्रिया’ नाम की एक यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर कर दिए गए हैं. सबसे हैरान करने वाली बात ये थी कि अभिनेता ने इस दौरान कोई भी ट्रांजेक्शन नहीं किया था और न ही किसी के साथ अपना ओटीपी या यूपीआई पिन साझा किया था. फोन कॉल के तुरंत बाद बिना किसी प्रोसेस के पैसे कट जाना एक सोची-समझी डिजिटल चोरी का हिस्सा था.

ये भी पढ़ें:- Raja Shivaji BO Day 4: ‘राजा शिवाजी’ ने मंडे टेस्ट भी किया पास, चौथे दिन आधी से ज्यादा लागत कर डाली वसूल, ये रिकॉर्ड भी बनाया

राहुल सिंह तोमर ने दर्ज की शिकायत
धोखाधड़ी का अहसास होते ही राहुल ने बिना समय गंवाए बैंक के कस्टमर केयर को फोन किया और अपना अकाउंट पूरी तरह ब्लॉक करवा दिया. साथ ही, उन्होंने तुरंत साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई. जांच में ये सामने आया कि ठगों ने उसी यूपीआई आईडी पर 12,000, 10,000 और 9,999 रुपये के तीन और ट्रांजेक्शन करने की कोशिश की थी, लेकिन अकाउंट ब्लॉक होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए.

इन टीवी शो में नजर आए राहुल सिंह तोमर
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि इन डिजिटल लुटेरों का पता लगाया जा सके. पीड़ित अभिनेता राहुल सिंह तोमर टीवी इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना नाम हैं. उन्हें ‘जमुना पार’, ‘द बडी प्रोजेक्ट’, ‘गुस्ताख दिल’ और ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों के लिए जाना जाता है. इसके अलावा वो ‘सॉल्ट सिटी’ और ‘इंडस्ट्री’ जैसी चर्चित वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं. 

ये भी पढ़ें:- Met Gala 2026: सोने के धागों वाली साड़ी, मां की जूलरी से बना डायमंड ब्लाउज और मैंगो पर्स, मेट गाला में अपने लुक से छाईं ईशा अंबानी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *