पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद नतीजों से पहले सियासी घमासान जारी है. इस बीच आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव समाप्त होने के बाद सिलेंडर के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं. साथ ही उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के झालमुड़ी खाने का भी जिक्र किया और बीजेपी पर हमला बोला.
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, ”पश्चिम बंगाल में चुनाव खत्म हो गया. इस चुनाव के दौरान आपने पीएम मोदी और बीजेपी को देखा होगा कि कैसे वो गरीबी दूर कर रहे थे, महंगाई दूर कर रहे थे. देश का उत्थान कर रहे थे. बड़ी बड़ी बातें कर रहे थे. माताओं और बहनों के खाते में तीन- साढ़े तीन हजार रुपये डाल रहे थे. पता नहीं और क्या-क्या कर रहे थे. यहां तक की झालमुड़ी खाने चले गए, ये दिखाने के लिए वो गरीबों के कितने करीब हैं, कितने हितैषी हैं. इस नौटंकी से देश को बचना होगा.”
झालमुड़ी खाकर जनता का माल झाल कर गए मोदी जी।
चुनाव खतम सिलेंडर का दाम आसमान पर।
ये झूठ और नौटंकी की राजनीति का नया इतिहास बना रहे हैं। pic.twitter.com/PkpsxAE5qO
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) May 1, 2026
‘चुनाव खत्म होते ही 5 किलो सिलेंडर के दाम 261 रु बढ़ा दिया’
संजय सिंह ने आगे कहा, ”लोगों को समझना होगा कि कितने बड़े ड्रामेबाज और नौटंकीबाज लोग इस देश में शासन कर रहे हैं और उसके मुखिया हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. चुनाव के दौरान ये लोग जो वादे करते हैं, उसकी पड़ताल भी जरूरी है. अब चुनाव खत्म हो गया. आज मजदूर दिवस है. मजदूर दिवस के दिन प्रधानमंत्री ने देश को तोहफा दिया है. पांच किलो का गैस सिलेंडर, जो घरों में लोग इस्तेमाल करते हैं, झुग्गी में रहने वाले, मजदूर, छात्र जिसका इस्तेमाल करते हैं, चुनाव खत्म होते ही उसका दाम 261 रुपये बढ़ा दिया.”
‘कमर्शियल सिलेंडर का दाम 993 रुपये बढ़ा दिया गया’
उन्होंने कहा, ”कमर्शियल सिलेंडर का दाम 993 रुपये बढ़ा दिया गया, जिसका इस्तेमाल ठेले वाले और छोटे-छोटे दुकानदार, चाय बेचने वाले करते हैं. सोचिए, ये कितने धोखा देने वाले लोग हैं. चुनाव तक ये आपकी आवभगत करते हैं, आपसे बड़े-बड़े वादे करते हैं. आपके खाते में कभी 10 हजार रुपये, कभी तीन हजार रुपये भेजने की बात करते हैं.”
चुनाव खत्म होते ही ये पेट पर लात मारते हैं- संजय सिंह
आप नेता ने ये भी कहा, ”चुनाव खत्म होते ही ये आपके पेट और पीठ दोनों पर लात मारते हैं, इसलिए इस देश के लोगों को सावधान रहना चाहिए. इनके खोखले वादों की पड़ताल करनी चाहिए. इस बात की जांच करनी चाहिए कि जो वादा किया वो पूरा हुआ या नहीं. आप के साथ ये सरकार किस तरह से धोखा और छल कर रही है, उस पर नजर रखनी चाहिए.”
पश्चिम बंगाल चुनाव: आम आदमी पार्टी ने कह दी बड़ी बात, ‘अगर ममता बनर्जी चिंतित हैं तो…’
