दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार (07 अक्टूबर) को चार मंजिला एक इमारत ढह जाने से हुए हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, इनमें एक बच्चा भी शामिल है. मलबे से अब तक कुल 11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया. हादसे में 8 घायल लोगों को इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर भेजा गया है. राहत और बचाव अभियान जारी है.
घायलों में 56 वर्षीय मोमिन मिर्जा, 3 वर्षीय अबदान, 28 वर्षीय अब्दुल रहमान, 28 वर्षीय देवरुद्दीन, 50 वर्षीय सलमा, 34 वर्षीय छोटे, 35 वर्षीय सकीना और 30 वर्षीय समद शामिल हैं. मृतकों में एक बच्चा के अलावा करीब 12 साल की एक बच्ची भी शामिल है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है. 21 वर्षीय गुलफसा की भी मौत हुई है. वह करीब चार महीने की गर्भवती थी.
तलाशी अभियान जारी
मौके पर रेस्क्यू और राहत अभियान लगातार जारी है. पुलिस और राहत एजेंसियां मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चला रही हैं. हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है.
भूकंप के बाद इमारत में आ गईं दरारें!
दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एमसीडी और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) की टीमों ने खोज और बचाव अभियान शुरू किया. पुलिस के मुताबिक, चार मंजिला इमारत लगभग 25 वर्ग गज के भूखंड पर बनाई गई थी. हालांकि, एमसीडी ने बताया कि यह ईदगाह मछली मंडी के पास डीयूएसआईबी क्षेत्र में लगभग 22 वर्ग गज में बनी तीन मंजिला इमारत थी. यह झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र में आती है.
