Headlines

सेना का रिटायर्ड कर्मचारी डिफेंस कैंटीन से लाकर ऊंची कीमत में बेच रहा था शराब, अबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई


हैदराबाद में आबकारी विभाग (Excise Enforcement) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की प्रीमियम शराब जब्त की है. यह शराब कथित तौर पर डिफेंस कैंटीन से लाई गई थी. शहर में अवैध रूप से ऊंची कीमत पर बेची जा रही थी. इस मामले में एक रिटायर्ड आर्मी कर्मचारी को मुख्य आरोपी बताया गया है, जो फिलहाल फरार है.

361 प्रीमियम शराब की बोतलें बरामद

अधिकारियों के अनुसार, कुल 361 प्रीमियम शराब की बोतलें बरामद की गई हैं. ये बोतलें कथित तौर पर बेंगलुरु और हरियाणा स्थित डिफेंस कैंटीन से लाई गई थीं. नियमों के मुताबिक, डिफेंस कैंटीन से खरीदी गई शराब केवल अधिकृत व्यक्तियों के निजी उपयोग के लिए होती है, लेकिन आरोप है कि इन्हें अवैध रूप से “एलिट ग्राहकों” को बेचा जा रहा था.

मुख्य आरोपी सेना के रिटायर्ड अफसर

मुख्य आरोपी की पहचान 48 वर्षीय डोडला सुरेश रेड्डी के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त बताया जा रहा है. जांच में सामने आया है कि वह अपने सैन्य संपर्कों का इस्तेमाल कर इस नेटवर्क को चला रहा था और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल हो सकता है.

यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई. आबकारी विभाग की टीम, जिसमें ईएस जीवन किरण, सीआई सुभाष चंदर और एसआई अखिल शामिल थे, ने मंगलवार तड़के हस्तिनापुरम के श्रीरामना कॉलोनी फेज-II स्थित एक घर पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया.

अधिकारियों ने संभावित नेटवर्क एक्टिव होने की जताई आशंका

अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं हो सकता और इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क होने की संभावना है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

इस घटना ने एक बार फिर डिफेंस कैंटीन से होने वाली संभावित अवैध गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: यूपी में चिलचिलाती गर्मी के बीच लखनऊ में बदली स्कूलों की टाइमिंग, आदेश जारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *