हिंदी सिनेमा के मशहूर राइटर सलीम खान और उनकी पत्नी सलमा खान की शादी को 62 साल पूरे हो गए हैं. दोनों ने 18 नवंबर को अपनी वेडिंग एनिवर्सरी सेलिब्रेट की. इस खास मौके पर उनके बेटे और एक्टर सोहेल खान ने सोशल मीडिया पर माता-पिता की एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की और उन्हें खास अंदाज में शादी की सालगिरह की बधाई दी. उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
सोहेल खान ने शेयर किया भावुक पोस्ट
सोहेल खान ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने मम्मी-पापा सलीम खान और सलमा खान की एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की. इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘हमारा इस खूबसूरत परिवार में होना इसी दिन की वजह से है. शादी की सालगिरह मुबारक.’ सोहेल के इस पोस्ट पर फैंस के साथ-साथ कुछ सेलेब्स ने भी कमेंट किया है. एक्टर कुशाल टंडन ने भी कमेंट किया और लिखा, ‘वाह, मेरे मम्मी-पापा की भी इसी दिन शादी हुई थी.’
कब हुई थी सलीम-सलमा की शादी?
सलीम खान और सलमा खान की शादी साल 1964 में हुई थी. दोनों ने शादी से पहले करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट किया था. सलमा का जन्म सुशीला चरक के रूप में हुआ था. वह डोगरा राजपूत और महाराष्ट्रीयन परिवार से ताल्लुक रखती हैं. शादी के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर सलमा रख लिया.
चार बच्चों के माता-पिता हैं सलीम-सलमा
इस कपल के चार बच्चे हैं, जिनमें सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान अग्निहोत्री शामिल हैं. सलमान का जन्म 1965, अरबाज का 1967, सोहेल का 1969 और अलवीरा का 1970 में हुआ था. इसके अलावा सलीम खान और सलमा ने अर्पिता खान शर्मा को भी गोद लिया था.
हेलेन से भी की थी सलीम खान ने शादी
सलीम खान अपने करियर के दौरान मशहूर लेखक जोड़ी सलीम-जावेद का हिस्सा रहे. इस जोड़ी ने ‘शोले’ और ‘जंजीर’ जैसी कई हिट फिल्मों की कहानी लिखी. इसी दौर में सलीम खान की निजी जिंदगी में भी बदलाव आया. उन्होंने साल 1981 में एक्ट्रेस हेलेन से शादी की थी. खास बात ये है कि उन्होंने सलमा खान को तलाक दिए बिना ये शादी की थी.
