स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की 17 अगस्त को एंजियोप्लास्टी की गई. उनका हेल्थ अपडेट एम्स ने दिया है. उन्होंने बताया कि मंत्री जेपी नड्डा स्टेबल हैं और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है. बता दें जेपी नड्डा गुरुवार (13 अगस्त) को बेचैनी की शिकायत के बाद दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में भर्ती कराया गया था.
इससे पहले अस्पताल प्रशासन ने जे.पी. नड्डा की स्वास्थ्य रिपोर्ट जारी करते हुए बताया था कि उनका स्वास्थ्य अब स्थिर है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया है. एम्स की ओर से डॉ प्रोफेसर रीमा दादा ने जारी बयान में कहा था कि 13 अगस्त की शाम बेचैनी की वजह से मंत्री नड्डा को अस्पताल लाया गया था. इसके बाद उनकी विस्तृत जांच की गई, जिसमें कोरोनरी एंजियोग्राफी भी शामिल है. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है, लेकिन डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें अस्पताल में ही रखा गया है.
राहुल गांधी ने की स्वस्थ होने की कामना
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके स्वास्थ्य मंत्री के जल्दी ठीक होने की कामना की थी. उन्होंने लिखा था, ”मुझे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के बीमार पड़ने और एम्स में भर्ती होने की खबर मिली है। मैं उनके सफल इलाज और जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”
क्या होती है एंजियोप्लास्टी
एंजियोप्लास्टी एक ऐसी इलाज की प्रक्रिया है जिसका उपयोग दिल की बंद या संकीर्ण धमनियों को खोलने और रक्त प्रवाह को ठीक करने के लिए किया जाता है. ये ओपन हार्ट जैसी बड़ी प्रक्रिया नहीं है बल्कि डॉक्टर इसमें हाथ या जांघ की खून की नली के जरिए एक बारीक तार और बैलून कैथेटर हार्ट तक पहुंचाते हैं. फिर हार्ट की नस में ब्लॉकेज वाली जगह पर बैलून फुलाते हैं. उसके बाद नस के रास्ते को चौड़ा करने के लिए स्टंट डालते हैं.
ये भी पढ़ें: ‘असामाजिक तत्व शामिल थे’, CJP प्रोटेस्ट लाठीचार्ज पर पुलिस का SC में हलफनामा
