तिलक वर्मा ने चेज के दौरान 26 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्का लगाकर नाबाद 51 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब दिया गया. शनिवार (24 अक्टूबर) को टीम इंडिया ने क्राइस्टचर्च में मेजबान न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया. 180 रनों का पीछा करते हुए भारत को आखिरी 3 ओवर में जीत के लिए 46 रनों की दरकार थी. 6 विकेट गिर चुके थे. तिलक वर्मा 13 गेंद में 17 रन पर और नितीश रेड्डी 9 गेंद में 16 रन पर थे. इसके बाद तिलक का ऐसा तूफान आया कि उन्होंने फिफ्टी पूरी करते हुए भारत को 1 गेंद पहले ही जीत दिला दी. इस जीत के बाद तिलक ने बताया कि चेज के लिए उनका क्या प्लान था.
पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में तिलक से पूछा गया कि चेज के दौरान 5 विकेट गिर जाने के बाद आपकी मानसिकता क्या थी? इसके जवाब में तिलक ने कहा, “उस स्टेज पर मैं सिर्फ अंत तक खेलने के बारे में सोच रहा था. आज मैच से पहले, मैं कोच गौतम सर और सितांशु कोटक सर से बात कर रहा था. उन दोनों से बातचीत के दौरान उन्होंने एक ऐसी बात कही जिस पर हम सभी को यकीन है और पूरा भारत भी आप पर भरोसा करता है. अगर आप अंत तक टिके रहे, तो आप हमारे लिए मैच जिता देंगे. बस यही बात मेरे दिमाग में चल रही थी.”
‘खुद पर गर्व है’
तिलक ने आगे कहा, “मैं खेल को जहां तक संभव हो सके अंत तक ले जाना चाहता था और आखिर में, वही हुआ जिस पर सबने भरोसा किया था. इसलिए मुझे खुद पर गर्व है.”
नमन धीर के साथ पार्टनरशिप पर क्या बोले तिलक?
तिलक ने कहा, “मैं नमन से कह रहा था कि हम अंत रहेंगे. आज विकेट पिछले मैच के मुकाबले थोड़ा धीमा था, इसलिए मैंने नमन से कहा कि जब स्पिनर गेंदबाजी कर रहे हों, तो हमें रन के लिए तेजी से दौड़ना चाहिए. यही हमारी प्लान था और हमने ऐसा ही किया, लेकिन बदकिस्मती से मिचेल सैंटनर के आखिरी ओवर में नमन आउट हो गया. वरना, मुझे लगता है कि हम 18वें ओवर में ही मैच खत्म कर देते. इसका क्रेडिट नमन को भी जाता है, उसने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. उसके बाद, आज हैदराबाद के लड़कों (नीतीश रेड्डी और मैंने) ने कमाल दिखाया, और हमें बहुत खुशी है कि हम मैच को जीत तक ले गए.”
यह भी पढ़ें: IPL 2027 के लिए सभी 10 टीमों के हेड कोच, एक क्लिक में जानें नाम
