- आजकल ₹30,000 बजट में कई अच्छे लैपटॉप उपलब्ध हैं।
- HP, Lenovo, ASUS जैसे ब्रांड्स किफायती विकल्प प्रदान करते हैं।
- बड़ी स्क्रीन, SSD स्टोरेज, 8GB रैम वाले लैपटॉप चुनें।
- खरीदते समय हमेशा 8GB रैम और SSD स्टोरेज देखें।
आज के वक्त में कॉलेज की पढ़ाई से लेकर ऑफिस के काम तक के लिए एक अच्छा लैपटॉप होना बेहद जरूरी हो गया है. लेकिन जब भी नया लैपटॉप खरीदने की बात आती है तो पहले लोग अपना बजट देखते हैं. कुछ तगड़े फीचर वाले महंगे लैपटाॅप लेना पसंद करते हैं. तो वहीं कुछ लोग बजट में जरूरत के फीचर्स के साथ ही अपना काम चलाना चाहते हैं. कई लोगों लगता है एक अच्छे लैपटाॅप के लिए 50-60 हजार रुपये का बजट तो लेकर चलना ही होगा.
लेकिन आज के दौर में ऐसा बिल्कुल नहीं है. अब मार्केट में 30 हजार रुपये के बजट में भी ऐसे कई बढ़िया लैपटॉप मौजूद हैं. जो बड़ी स्क्रीन, ज्यादा SSD स्टोरेज और बढ़िया बैटरी बैकअप के साथ आते हैं. अगर आप स्टूडेंट हैं या फिर घर से ऑनलाइन काम करते हैं और आपको ब्राउजिंग, कोडिंग, प्रेजेंटेशन बनाने के साथ-साथ मूवी देखने के लिए एक अच्छा लैपटाॅप चाहिए. तो कम कीमत वाले यह लैपटॉप आप ट्राई कर सकते हैं.
HP और Lenovo के लैपटॉप
अगर आप किसी जाने-माने ब्रांड का लैपटॉप तलाश रहे हैं. तो 30 हजार रुपये के अंदर Lenovo और HP के मॉडल्स सबसे ऊपर आते हैं. इस रेंज में Lenovo V15 और IdeaPad Slim 3 सीरीज के लैपटॉप काफी पसंद किए जाते हैं. इनमें आपको Intel Celeron और AMD Athlon या Ryzen 3 सीरीज के प्रोसेसर मिल जाते हैं. जो ऑनलाइन क्लास लेने और MS ऑफिस पर काम करने के लिए सही हैं.
इन लैपटॉप की सबसे अच्छी बात यह है कि इनमें अब पुरानी हार्ड डिस्क की जगह 256GB या 512GB की तेज SSD स्टोरेज मिलने लगी है. जिससे लैपटॉप कुछ ही सेकंड में ऑन हो जाता है. वहीं दूसरी तरफ HP 15s और HP 255 G9 सीरीज भी इस बजट में अच्छी परफॉर्मेंस देती हैं. इनमें 15.6 इंच की बड़ी एंटी-ग्लेयर स्क्रीन मिलती है जिस पर घंटों काम करने के बाद भी आंखों पर जोर नहीं पड़ता. तो साथ ही 8GB रैम की वजह से एक साथ कई टैब खोलकर काम करना आसान हो जाता है.
ASUS और Acer के लैपटॉप
कम बजट में अगर आपको हल्का, पतला और दिखने में प्रीमियम लैपटॉप चाहिए. तो ASUS VivoBook Go 14 और VivoBook 15 सीरीज देख सकते हैं. करीब 28 से 30 हजार रुपये की कीमत में आने वाले इन लैपटॉप का वजन काफी कम होता है. इनमें फुल HD डिस्प्ले के साथ-साथ 180 डिग्री तक मुड़ने वाला हिंज और फिजिकल वेबकैम शटर जैसे मॉडर्न फीचर्स भी देखने को मिलते हैं.
इसके अलावा Acer Aspire Lite और Extensa 15 भी इस बजट में बढ़िया ऑप्शन हैं. Acer के इन मॉडल्स में आपको मेटल जैसा मजबूत लुक और Intel Core i3 या Ryzen 3 के शुरुआती वेरिएंट्स आसानी से मिल जाते हैं. इनकी बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर आराम से 6 से 7 घंटे का बैकअप निकाल देती है.

यह भी पढ़ें: 5 लोगों की फैमिली के लिए कितना बड़ा गीजर सही? जान लें फायदे की बात
नया लैपटॉप खरीदते वक्त इन बातों का रखें खास ध्यान
कम बजट में एक सही लैपटॉप चुनते समय अगर आप कुछ छोटी तकनीकी बातों का ध्यान रखेंगे. तो आपका लैपटॉप सालों तक बिना अटके चलेगा. सबसे पहली बात यह है कि इस कीमत में कभी भी 4GB रैम वाला लैपटॉप न खरीदें हमेशा कम से कम 8GB रैम वाला मॉडल ही लें जिससे मल्टीटास्किंग के दौरान सिस्टम स्लो न हो. तो साथ ही यह भी चेक कर लें कि जरूरत पड़ने पर उसमें RAM और स्टोरेज बढ़ाने का स्लॉट मौजूद है या नहीं.
दूसरी सबसे जरूरी चीज स्टोरेज टाइप है. हमेशा SSD स्टोरेज वाला लैपटॉप ही घर लाएं क्योंकि यह पारंपरिक HDD स्टोरेज के मुकाबले कई गुना तेज काम करती है. इसके अलावा लैपटॉप में टाइप-सी पोर्ट, HDMI पोर्ट और Wi-Fi 6 जैसी लेटेस्ट कनेक्टिविटी जरूर देख लें.
यह भी पढ़ें: फोन अपडेट के बाद रीस्टार्ट करना न भूलें, वरना आ सकती है बड़ी दिक्कत
