टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस रश्मि देसाई कई सालों तक छोटे पर्दे से दूर रहने के बाद स्टार प्लस के शो ‘सायोनी’ से वापसी कर रही हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने टीवी से दूर रहने के दौर के बारे में खुलकर बात की.
इस दौरान रश्मि ने अपने करियर में आई मुश्किलों और उन्हें लेकर बनी धारणाओं पर भी चर्चा की.
रश्मि देसाई को क्यों लेना पड़ा टीवी से ब्रेक?
स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में रश्मि ने कहा, ‘मैंने बीच में 3-4 साल तक काम करना बंद कर दिया था. मैंने एक गुजराती फिल्म की और जी5 पर ‘हिसाब बराबर’ नाम की एक फिल्म की. मैंने ज्यादा काम नहीं किया, क्योंकि मेरा मन नहीं था. मुझे टीवी के ऑफर भी मिले, लेकिन मैं उनसे जुड़ नहीं पाई, या शायद उस समय मैं तैयार नहीं थी. आमतौर पर, कोई शो करने के बाद मैं 3-4 साल के लिए गायब हो जाती हूं. मैं बहुत सी पुरानी बातें भूलना चाहती थी. मैंने कई वर्कशॉप कीं मैं खुद पर काम कर रही थी.’
उन्होंने आगे कहा, ‘एक एक्टर के तौर पर आपको बहुत मेहनत करनी पड़ती है. जब आप कोई फिल्म करते हैं, तो आपको खुद पर काम करने का समय मिल जाता है, लेकिन टीवी एक लंबा कमिटमेंट है, जहां आप अनजाने में भी उस किरदार को जी रहे होते हैं. इसलिए, ऐसी बहुत सी चीजें थीं जिन्हें मैं अपने अंदर से हटाना चाहती थी. ये मेरा अपना सफर था. मेरा काम करने का मन नहीं था. मुझे बस इतना लगा कि अगर मैं खुद किसी चीजों से पूरी तरह सहमत नहीं हूं, तो मैं अपने दर्शकों को भी कैसे यकीन दिला पाऊंगी?’
रश्मि ने आगे बताया कि इंडस्ट्री में एक महिला होने के नाते उन्हें कम आंका गया और उन्हें सिर्फ एक ‘ऑब्जेक्ट’ की तरह देखा गया. उन्होंने कहा, ‘कई प्रोजेक्ट्स ऐसे होते हैं जहां महिलाओं को फ्रेम में सिर्फ एक ‘ऑब्जेक्ट’ की तरह इस्तेमाल किया जाता है. मुझे ये बहुत गलत लगा. किसी महिला का काम सिर्फ अट्रैक्टिव, खूबसूरत या ग्लैमरस दिखना नहीं है. उसमें और भी बहुत कुछ है.’
‘लोगों ने कहा अब मेरा करियर खत्म’
उन्होंने कहा, ‘टीवी आपको कोई ऑब्जेक्ट नहीं बनाता, बल्कि ये आपको एक मंच देता है. ये एक ऐसा मंच है जिसे वो अहमियत नहीं मिलती, जिसका वो हकदार है. कई लोगों ने मुझसे कहा कि मैं हर जगह बहुत ज्यादा दिखाई देती हूं. मुझसे ये भी कहा गया कि मेरा करियर खत्म हो चुका है.’

रश्मि देसाई के शो ‘सायोनी’ के बारे में
बता दें, रोमांटिक फैमिली ड्रामा ‘सायोनी’ का निर्माण रवि दुबे और सरगुन मेहता ने अपने प्रोडक्शन हाउस ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है. इस शो में रश्मि देसाई के अलावा अजय चौधरी, जाह्नवी सोनी और गौतम विग भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.
