Headlines

72 की उम्र में 24 हजार फीट से छलांग, बुजुर्ग का जज्बा देख दंग रह गया इंटरनेट


उम्र बढ़ने के साथ जहां ज्यादातर लोग आराम से घर पर रहना पसंद करते हैं, वहीं बिहार के जमुई के रहने वाले कपिलदेव रावत ने 72 साल की उम्र में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे देखकर अच्छे-अच्छे नौजवान भी हैरान रह जाएं. कपिलदेव ने हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में करीब 24 हजार फीट की ऊंचाई से पैराग्लाइडिंग की. उनके इस रोमांचक अनुभव का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वीडियो में कपिलदेव आसमान में पैराग्लाइडिंग करते नजर आ रहे हैं. करीब आधे घंटे तक वह हवा में रहे और इसके बाद सुरक्षित तरीके से जमीन पर उतर गए. 72 साल की उम्र में इतनी ऊंचाई से उड़ान भरने का उनका फैसला अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

पहली छलांग में लगा सब खत्म हो जाएगा

कपिलदेव ने अपने अनुभव को याद करते हुए बताया कि पहाड़ से छलांग लगाने के शुरुआती कुछ सेकेंड बेहद डरावने थे. उन्हें लगा कि शायद सब कुछ खत्म होने वाला है. लेकिन कुछ ही पल बाद डर की जगह रोमांच ने ले ली.

उनके मुताबिक, जब वह हजारों फीट की ऊंचाई पर हवा में थे तो नीचे दिखाई दे रही दुनिया का नजारा बेहद खूबसूरत लग रहा था. करीब 30 मिनट तक आसमान में रहने का यह अनुभव उनके लिए जिंदगी के सबसे खास पलों में शामिल हो गया.

बुजुर्गों को पैराग्लाइडिंग करते देख आया आइडिया

कपिलदेव को पैराग्लाइडिंग करने का ख्याल अचानक नहीं आया था. उन्होंने बताया कि उन्होंने कुछ बुजुर्ग लोगों के बारे में सुना था, जिन्होंने काफी उम्र में पैराग्लाइडिंग की थी. इनमें 80 साल की एक महिला और 75 साल के एक पुरुष का जिक्र भी था.

इन लोगों के बारे में जानने के बाद उनके मन में भी सवाल आया कि अगर वे इस उम्र में ऐसा कर सकते हैं तो मैं क्यों नहीं? बस फिर क्या था, हिमाचल घूमने पहुंचे कपिलदेव ने परिवार के साथ यात्रा के दौरान पैराग्लाइडिंग करने का फैसला कर लिया.

घूमने के शौकीन हैं कपिलदेव

कपिलदेव जमुई में होटल चलाते हैं और उन्हें घूमने-फिरने का काफी शौक है. वह बताते हैं कि जब भी मन करता है, कभी-कभी अपना काम बंद करके घूमने निकल जाते हैं. उम्र 72 साल हो चुकी है, लेकिन नए अनुभव हासिल करने का जुनून अब भी बरकरार है.

पैराग्लाइडिंग का फैसला लेने में उनके परिवार का भी बड़ा साथ रहा. कपिलदेव ने बताया कि उनके दोनों बेटों और परिवार के दूसरे सदस्यों ने उन्हें हिम्मत दी. परिवार के भरोसे ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया और आखिरकार उन्होंने पहाड़ से छलांग लगाकर आसमान में उड़ने का अपना सपना पूरा कर लिया.

यह भी पढ़ें: 60 साल के दादा जी ने ट्रेन पर लटककर किया स्टंट, फटी रह गईं यूजर्स की आंखें

सोशल मीडिया पर हो रही जज्बे की तारीफ

कपिलदेव का वीडियो सामने आने के बाद लोग उनकी हिम्मत और जिंदादिली की तारीफ कर रहे हैं. 72 की उम्र में जिस तरह उन्होंने हजारों फीट ऊपर जाकर पैराग्लाइडिंग की, उसने इंटरनेट पर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि रोमांच के लिए उम्र कभी रुकावट नहीं बननी चाहिए.

कपिलदेव की कहानी उन लोगों के लिए भी एक मिसाल बन गई है, जो उम्र बढ़ने के साथ अपनी पसंद और सपनों को पीछे छोड़ देते हैं. उन्होंने साबित कर दिया कि अगर दिल में कुछ नया करने की चाह हो तो 72 की उम्र में भी आसमान को छुआ जा सकता है.

यह भी पढ़ें: आंख में मिर्ची झोंककर बैंक लूट ले गया लुटेरा, CCTV फुटेज वायरल





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *