बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आने वाली हैं जो 23 अक्टूबर को दस्तक देगी. इसमें वो आयुष्मान खुराना के साथ स्क्रीन शेयर करती हुई दिखाई देंगी. इस फिल्म की रिलीज से ठीक पहले आइए एक नजर डालते हैं सारा अली खान के अब तक के बॉलीवुड करियर पर. हम आपको बता रहे हैं कि सारा ने अब तक कितनी फिल्मों में काम किया? कितनी फिल्में सफल रहीं और कितनी निकलीं फ्लॉप?
केदारनाथ से HIT डेब्यू, ब्लॉकबस्टर निकली ‘सिम्बा’
अभिनेता सैफ अली खान और एक्ट्रेस अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान ने बॉलीवुड में बतौर एक्ट्रेस अपना आगाज फिल्म ‘केदारनाथ’ से किया था. 7 दिसंबर 2018 को रिलीज हुई ये फिल्म हिट निकली. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने दुनियाभर में 96 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. जबकि इसका बजट 35 से 40 करोड़ के बीच था.
केदारनाथ के 21 दिनों बाद ही सारा की दूसरी फिल्म ‘सिंबा’ रिलीज हुई. इसमें उन्होंने रणवीर सिंह के साथ स्क्रीन शेयर की. सिंबा बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई. 80 से 90 करोड़ के बजट में बनी मूवी ने वर्ल्डवाइड 400 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था.
2020 में 2 फ्लॉप और 2023 में एक हिट
डेब्यू ईयर में दो सफल फिल्में देने वाली सारा ने आगे जाकर साल 2020 में दो फ्लॉप फिल्में दीं. इनके नाम है ‘लव आज कल 2’ और ‘कुली नंबर 1’. 2023 में आई फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ हिट रही. इसने दुनियाभर में 116 करोड़ रुपये का बिजनेस किया.
फिर दीं लगातार 3 फ्लॉप
सारा ने आगे जाकर लगातार तीन फ्लॉप फिल्में दीं. ये फिल्में ‘स्काई फोर्स’, ‘मेट्रो इन दिनों’ और ‘पति-पत्नी और वो दो’ हैं, जिससे वो बड़ी एक्ट्रेस बनने की रेस में पिछड़ गईं. सारा की आठ फिल्में थिएटर में आईं, जिसमें से 5 फ्लॉप और 3 सफल निकलीं.
OTT पर रिलीज हुईं ये चार फिल्में
सारा अली खान ने अब तक जिन 12 फिल्मों में काम किया उनमें से 8 थिएटर्स में और 4 ओटीटी पर रिलीज हुई हैं. सारा की जो फिल्में ओटीटी पर आई हैं उनमें ‘अतरंगी रे’, (2021), गैसलाइट (2023), ‘ऐ वतन मेरे वतन’ (2024), ‘मर्डर मुबारक’ (2024) शामिल हैं. अतरंगी रे में सारा ने अक्षय कुमार और धनुष संग स्क्रीन शेयर की थी. इस फिल्म को काफी पसंद किया गया था.
