बिहार की राजनीति में 7 मई का दिन अहम होने जा रहा है. राज्य में होने जा रहे कैबिनेट विस्तार में कुल 27 मंत्री शपथ लेंगे, जिसमें जेडीयू और बीजेपी के बीच बराबरी का फॉर्मूला तय किया गया है. इस विस्तार में दोनों दलों के 13-13 मंत्री कैबिनेट में शामिल होंगे, जिससे सत्ता संतुलन साफ नजर आ रहा है.
जेडीयू-बीजेपी में बराबरी का फॉर्मूला
इस बार का कैबिनेट विस्तार खास इसलिए भी है क्योंकि इसमें जेडीयू और बीजेपी के बीच पूरी तरह संतुलन रखा गया है. जानकारी के मुताबिक, बीजेपी से 12 और जेडीयू से 11 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे. इसके अलावा सहयोगी दलों को भी जगह दी गई है. लोजपा (रामविलास) कोटे से 2 मंत्री, जबकि RLM और HAM से 1-1 मंत्री बनाए जाएंगे.
बंगाल में BJP की जीत में भी बिहार का फायदा? चिराग पासवान ने निकाला यह कनेक्शन
गांधी मैदान में भव्य तैयारी
शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा. यहां बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. आयोजन स्थल को 4 हिस्सों में बांटा गया है और आम लोगों के लिए फिलहाल सभी गेट बंद कर दिए गए हैं.करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम कितना बड़ा होने वाला है.
समारोह को देखते हुए सुरक्षा भी काफी सख्त कर दी गई है. एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक करीब 3000 जवान तैनात रहेंगे. पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी ताकि किसी तरह की कोई चूक न हो.
इस कार्यक्रम में देश के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन के साथ-साथ बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं.
मई की बारिश बिहार के लिए बनी जानलेवा, एक दिन में 12 लोगों की मौत! CM सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान
क्या बोले राम कृपाल यादव
बीजेपी नेता राम कृपाल यादव ने कहा, “कैबिनेट मंत्रियों का विस्तार किया जाएगा. जैसा कि आप देख ही रहे होंगे, गांधी मैदान में तैयारियां चल रही हैं. यह 7 तारीख को होगा.”
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और आयोजन से जुड़े लोग अंतिम तैयारियों में लगे हैं. एक कर्मी के मुताबिक आज या कल तक सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी. 7 मई को होने वाला यह कैबिनेट विस्तार न सिर्फ राजनीतिक रूप से अहम है, बल्कि इसका भव्य आयोजन भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
