उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले (Basti) से एक ऐसी खौफनाक प्रेम कहानी सामने आई है, जिसका अंत बेहद दर्दनाक और भयानक हुआ. जिस प्रेमी के लिए एक महिला ने अपने पति और दो बच्चों को छोड़ दिया था, उसी प्रेमी को उसने सोते समय जिंदा जला डाला.
एक हफ्ते तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में प्रेमी ने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद मृतक के गांव में भारी आक्रोश है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या के पीछे BJP का हाथ! सपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के बयान से मची खलबली
लव स्टोरी कैसे बन गई ‘बर्निंग स्टोरी’?
लाल गंज थाना क्षेत्र की यह पूरी घटना किसी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है. मृतक रामचंद्र गुप्ता और आरोपी महिला कांति के बीच पिछले 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. प्यार में अंधी कांति अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर रामचंद्र के घर रहने आ गई थी. जब प्रेमी के घरवालों ने इसका विरोध किया, तो कांति ने जहर खाने की धमकी दी और जबरन घर में ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ (Live-in Relationship) में रहने लगी. 4 साल तक सबकुछ ठीक चला, लेकिन हाल ही में दोनों के बीच किसी बात को लेकर भयंकर अनबन हो गई.
सोते हुए प्रेमी को जलाया, बाहर से बंद किया दरवाजा
विवाद के बाद कांति के सिर पर ऐसी सनक सवार हुई कि उसने रामचंद्र को जान से मारने का खौफनाक प्लान बना लिया. जब रामचंद्र कमरे में गहरी नींद में सो रहा था, तभी कांति ने चुपके से कमरे में आग लगा दी और बाहर से दोनों दरवाजे बंद करके फरार हो गई. आग की लपटों से घिरे रामचंद्र ने शोर मचाया और अपनी जान बचाने के लिए कमरे में 10 फीट की ऊंचाई पर बने रोशनदान से छलांग लगा दी. गंभीर रूप से झुलसे रामचंद्र को गोरखपुर रेफर किया गया था, जहां एक हफ्ते बाद उसकी मौत हो गई.
परिजनों में भारी आक्रोश, पुलिस खाली हाथ
प्रेमी की मौत के बाद शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया. परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुरू में दाह संस्कार करने से इनकार कर दिया था. उनका आरोप है कि पुलिस अभी तक आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार नहीं कर पाई है.
DSP का बयान- जल्द होगी गिरफ्तारी
मृतक की मां का आरोप है कि महिला अक्सर उनके बेटे को प्रताड़ित करती थी और जान से मारने की धमकी देती थी. इस मामले में डीएसपी कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि मां की तहरीर के आधार पर धारा 118(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव का पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस की कई टीमें आरोपी महिला की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
बंगाल में बीजेपी किसे बनाएगी मुख्यमंत्री? मुलायम की छोटी बहू अपर्णा यादव ने बढ़ा दिया सस्पेंस
