हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार (12 मई ) को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. असम में लगातार दो बार सीएम बनने वाले वह पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं. भारत में सिंगापुर के उच्चायोग ने सोमवार को असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को बधाई दी. असम में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन को जबरदस्त जीत मिली है.
क्या बोले सिंगापुर के उच्चायुक्त?
भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में सरमा को शुभकामनाएं दीं और असम के विकास में सहयोग देने के लिए सिंगापुर की प्रतिबद्धता दोहराई. सिंगापुर को असम का भरोसेमंद दोस्त बताते हुए वोंग ने कहा कि यह द्वीपीय देश कई क्षेत्रों में पूर्वोत्तर राज्य के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए तैयार है.’
उच्चायुक्त ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमारे प्यारे दोस्त हिमंत बिस्वा सरमा को बहुत-बहुत बधाई. मुख्यमंत्री के तौर पर आपका नया कार्यकाल निश्चित रूप से असम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा. आपके भरोसेमंद दोस्त के रूप में हम हमेशा की तरह असम के साथ खड़े रहेंगे.’
सरमा ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए ने असम विधानसभा चुनावों में अहम जीत हासिल की. इससे सरमा के एक और कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया. सरमा ने सोमवार (12 मई) को गुवाहाटी में कई वरिष्ठ भाजपा और एनडीए नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
‘मैं शपथ लेता हूं…’, दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बने हिमंत बिस्वा सरमा, जानें कौन-कौन बना मंत्री
असम-सिंगापुर ने कई क्षेत्रों में बढ़ाया सहयोग
पिछले कुछ वर्षों में असम और सिंगापुर ने इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट,टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में सहयोग को काफी बढ़ाया है. सिंगापुर, भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी के तहत राज्य के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय साझेदारों में से एक बनकर उभरा है.2026 की शुरुआत से असम-सिंगापुर संबंधों में आर्थिक साझेदारी, ग्रीन एनर्जी पहल, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और शहरी नियोजन सहयोग पर तेजी से फोकस हुए हैं. इनमें से कई पहलों को राज्य के एडवांटेज असम 2.0 कार्यक्रम में शामिल किया गया है, जिसका मकसद वैश्विक निवेश को लाना और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है.
असम सरकार जगीरोड के इलेक्ट्रॉनिक सिटी प्रोजेक्ट में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम के डेवलपमेंट के लिए सिंगापुर की कंपनियों को भी शामिल कर रही है. जनवरी 2026 में सरमा ने असम और सिंगापुर के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम से भी मुलाकात की थी. इंडस्ट्रियल और इन्वेस्ट सहयोग के लिए एक एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए. इसका मकसद सिंगापुर में कुशल कामगारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है.
