पूर्वांचल में बीते कुछ दिनों से मौसम ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है. शरीर को झुलसा देने वाले हीट वेव और बढ़ते तापमान की वजह से न सिर्फ लोग अब घरों में दुबकने को मजबूर हैं. भीषण गर्मी को देखते हुए वाराणसी जिला प्रशासन ने 25 मई तक सभी बोर्ड के स्कूलों को बंद करने का निर्देश जारी कर दिया है.
वाराणसी जनपद में मंगलवार से तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है. ऐसे में बच्चों को भीषण गर्मी के क़हर से बचाने के लिए ये फैसला लिया गया है. जिला प्रशासन की तरफ से एबीपी लाइव को मिली जानकारी के अनुसार हीट वेव और अत्यधिक तापमान के दृष्टिगत जनपद के सभी विद्यालयों का संचालन दिनांक 19 मई से 25 मई तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है.
25 मई तक सभी स्कूल बंद करने के आदेश
आदेश के तहत जनपद के सभी परिषदीय विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड और अन्य सभी बोर्ड के स्कूलों में 25 मई तक कार्य पूर्णतया बंद रखा जाएगा. जनपद में सभी बोर्ड के स्कूलों को इसका पालन करना होगा और इसकी अवहेलना करने पर नियम अनुसार कठोर कार्रवाई भी की जाएगी.
वाराणसी में 47 डिग्री तक पहुंचा तापमान
मौसम विभाग की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद का 19 मई को अधिकतम तापमान 47 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने का अनुमान जताया गया है. इसके अलावा जनपद सहित पूर्वांचल में जबरदस्त हीट वेव का प्रभाव भी रहेगा. स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी लोगों से हीटवेव और बढ़ते तापमान से सुरक्षित रहने के लिए कहा गया है.
यूपी में इन दिनों गर्मी अपना पूरा रौद्र दिखा रही है. मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिन भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दिनभर चिलचिलाती धूप का क़हर जारी रहने का अनुमान हैं. ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों का ख़ास ध्यान रखने की अपील की गई हैं.
यूपी में हीटवेव का कहर! कई जिलों में 46 डिग्री पार पहुंचा पारा, IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी
