मध्य प्रदेश के अमरकंटक स्थित प्रसिद्ध नर्मदा मंदिर से एक ऐसा हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है. यहां एक परंपरा निभाने और मन्नत पूरी होने की आस में एक श्रद्धालु पत्थर के हाथी की मूर्ति के पैरों के बीच से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह बीच में ही बुरी तरह फंस गया. इसके बाद मंदिर परिसर में मौजूद अन्य भक्तों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, अमरकंटक के नर्मदा मंदिर परिसर में काले पत्थर से बनी हाथी और घोड़े की मूर्तियां स्थापित हैं. मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के बीच हाथी की इस मूर्ति को लेकर एक खास धार्मिक मान्यता प्रचलित है.
क्या है हाथी की मूर्ति के नीचे से निकलने की परंपरा?
स्थानीय मान्यता के अनुसार, जो भी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के इस हाथी की मूर्ति के पैरों के बीच की संकरी जगह से आर-पार निकल जाता है, उसकी हर मनोकामना पूरी होती है. कई लोग इस परंपरा को अपने अच्छे और बुरे कर्मों की परीक्षा के रूप में भी देखते हैं. इसी परंपरा को निभाने के लिए जब यह शख्स हाथी की मूर्ति के नीचे से रेंगकर निकलने लगा, तो वह बीच में ही फंस गया और खुद को बाहर निकालने के लिए छटपटाने लगा.
A man got stuck while coming out from under an ancient stone elephant statue placed in the premises of the Maa Narmada Temple in Amarkantak, Madhya Pradesh https://t.co/NifNS2slZW
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) November 23, 2026
जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मशक्कत कर निकाला बाहर
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक को फंसा देख आसपास मौजूद कई श्रद्धालु तुरंत उसकी मदद के लिए मूर्ति के चारों ओर जमा हो गए. कुछ लोग धार्मिक जयकारे लगाने लगे, तो कई लोगों ने हाथ पकड़कर उसे संकरी जगह से बाहर खींचने की कोशिश की. काफी देर तक चली मशक्कत के बाद आखिरकार लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हैरानी की बात यह रही कि इस घटना को देखने के बाद भी अन्य श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बाकी लोग भी उसी रास्ते से निकलने की परंपरा निभाते रहे.
यह भी पढ़ें: Viral Video: महिंद्रा के ‘काले घोड़े’ के आगे BMW वाले ने जोड़े हाथ, रेस लगाने से किया इनकार
सोशल मीडिया पर यूजर्स दे रहे मजेदार प्रतिक्रियाएं
इंटरनेट पर यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है और यूजर्स कमेंट सेक्शन में इस घटना और परंपरा पर जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने मजे लेते हुए लिखा, “भाई मन्नत मांगने से पहले अपनी सेहत और साइज का भी थोड़ा अंदाजा लगा लेना चाहिए था, वरना ऐसे ही फंसना पड़ता है.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “अच्छी बात यह रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करके भाई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, आस्था के साथ सावधानी भी जरूरी है.” वहीं एक और यूजर ने लिखा, “इस घटना को देखने के बाद भी बाकी लोग लाइन लगाकर उसी के नीचे से निकल रहे हैं, इसे ही असली आस्था कहते हैं.”
यह भी पढ़ें: Newborn Baby Viral Video: औलाद को पहली बार गोद में लेते ही कांपे बाप के हाथ, वायरल हो गया वीडियो
