आपने आज तक हैंडपंप से पानी निकलते तो खूब देखा होगा, लेकिन उत्तर प्रदेश के झांसी से एक ऐसा हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर किसी का दिमाग चकरा गया है. यहां एक घर के आंगन में लगे साधारण से दिखने वाले हैंडपंप को जब चलाया गया, तो उसमें से पानी की एक बूंद नहीं, बल्कि धार लगाकर कच्ची शराब निकलने लगी. इस अजीबोगरीब जुगाड़ का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस और आबकारी विभाग की टीम एक घर के आंगन में लगे हैंडपंप का हत्था चला रही है और नीचे रखे टब में पानी की जगह कच्ची शराब भरती जा रही है. टीम ने टब से इस शराब को बड़े-बड़े जरीकेन में भरा. दरअसल, 21 नवंबर को तेजपुरा घुरट गांव में जांच के दौरान जब टीम घर के अंदर पहुंची, तो आंगन में लगा यह हैंडपंप देखने में बिल्कुल सामान्य पानी के पंप जैसा लग रहा था, ताकि किसी को जरा भी शक न हो.
जमीन के नीचे बना रखा था खुफिया टैंक
जब हैंडपंप का हत्था चलाया गया, तो इस अनोखे जुगाड़ की पोल खुल गई. शराब तस्करों ने जमीन के नीचे कच्ची शराब का बड़ा स्टॉक छिपा रखा था और उसे बाहर निकालने के लिए ठीक उसके ऊपर हैंडपंप फिट कर दिया था. इस कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 30 लीटर शराब बरामद की और अवैध बिक्री रोकने के लिए जमीन में छिपाई गई लगभग 1,000 लीटर कच्ची शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया. साथ ही, आबकारी अधिनियम के तहत 30 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
झाँसी में हैंडपंप से पानी की जगह निकली शराब….👇👇 https://t.co/ddAAF5sqpF
— Dr. Gurmeet Bhatia (@GurmeetBha53034) November 23, 2026
यह भी पढ़ें: Viral Video: महिंद्रा के ‘काले घोड़े’ के आगे BMW वाले ने जोड़े हाथ, रेस लगाने से किया इनकार
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे, बोले- ये जुगाड़ भारत से बाहर नहीं जाना चाहिए
इंटरनेट पर हैंडपंप से शराब निकलने का यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है और यूजर्स इस देसी दिमाग पर जमकर चुटकी ले रहे हैं:
एक यूजर ने मजे लेते हुए लिखा, “भाई ये देसी इंजीनियरिंग भारत से बाहर नहीं जानी चाहिए! नासा वाले भी इस जुगाड़ को देखकर सिर पकड़ लेंगे.”
दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “आंगन में ऐसा हैंडपंप लगा हो तो मोहल्ले के शराबी सुबह-शाम पानी भरने के बहाने लाइन लगाकर खड़े हो जाएं.”
वहीं एक और यूजर ने लिखा, “दिमाग तो गजब का लगाया था, लेकिन जब किस्मत खराब हो तो हैंडपंप भी पानी की जगह पोल खोल देता है.”
यह भी पढ़ें: Newborn Baby Viral Video: औलाद को पहली बार गोद में लेते ही कांपे बाप के हाथ, वायरल हो गया वीडियो
